स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अनाया बांगड़ के क्रिकेट खेलने का सपना साकार होता दिख रहा है। जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी करवाने के बाद अब वह ऑस्ट्रेलिया में कम्युनिटी क्रिकेट खेलने के लिए योग्य हैं। मुंबई अंडर-19 की पूर्व क्रिकेटर को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मंजूरी मिल गई है। उन्होंने क्रिकेट गर्वनिंग बॉडी से संपर्क किया था। अनाया बांगड़ ने BCCI को भी मेल किया था, लेकिन बीसीसीआई ने उनकी अनुरोध का अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।
अनाया बांगड़ को CA ने दी क्रिकेट खेलने की मंजूरी। फोटो- सोशल मीडिया
अनाया ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, 'यह मेरे लिए बहुत खुशी का दिन है, खासकर यह जानकर कि मैं क्रिकेट खेल सकती हूं। एक समय ऐसा भी था जब मुझे लगा था कि मैं फिर कभी क्रिकेट नहीं खेल पाऊंगी, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की बदौलत मुझे एक और मौका मिला है। ' बता दें कि पूर्व क्रिकेटर संजय बांगड़ के बेटे आर्यन बांगड़ ने मार्च 2026 में Gender चेंज करने के लिए सर्जरी करवाई थी और Anaya Bangar बन गई।
ICC ने बनाए हैं सख्त नियम
25 वर्षीय इस खिलाड़ी ने कहा कि उन्होंने पिछले साल बीसीसीआई को पत्र लिखकर यह स्पष्ट करने की मांग की थी कि क्या ट्रांसजेंडर खिलाड़ी महिला क्रिकेट में प्रतिस्पर्धा कर सकती हैं? उनका यह अनुरोध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा उन ट्रांसजेंडर महिलाओं को, जिनमें पुरुष यौवन अवस्था आ चुकी है, अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में भाग लेने से रोकने वाले नियमों को लागू करने के दो साल बाद आया।
पास करना होगा टेस्ट
जब उन्हें भारतीय बोर्ड से कोई जवाब नहीं मिला, तो अनाया ने इस साल जून में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से संपर्क किया। सीए ने उन्हें सूचित किया कि वे सामुदायिक क्रिकेट खेलने के लिए पात्र हैं। हालांकि, महिला बिग बैश लीग (WBBL) जैसी बड़ी लीग में भाग लेने के लिए उन्हें अभी भी टेस्टोस्टेरोन से संबंधित एलिजिबिलिटी टेस्ट के मानको पर खरा उतरना होगा।
एलिट क्रिकेट के लिए सीरम की होगी जांच
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की एलीट क्रिकेट में ट्रांसजेंडर और लिंग विविधता वाले खिलाड़ियों से संबंधित नीति के तहत, एलीट क्रिकेट के लिए पात्र होने के लिए किसी खिलाड़ी के सीरम टेस्टोस्टेरोन की सांद्रता कम से कम 12 महीनों तक 10 nmol/L से नीचे रहनी चाहिए। अगर अनाया इस टेस्ट को पास कर लेती हैं तो वह एलिट क्रिकेट में हिस्सा ले सकेंगी।
