जुलाई में होने वाले वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया की घोषणा जब से हुई है तब से सरफराज खान लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद इस खिलाड़ी को टेस्ट टीम में मौका नहीं मिला है। सेलेक्टर के इस फैसले पर सुनील गावस्कर से लेकर आकाश चोपड़ा ने सवाल खड़े किए हैं।
आकाश चोपड़ा (साभार-Twitter)
भारतीय क्रिकेट की आत्मा मर जाएगी!
सरफराज को इग्नोर करने पर आकाश चोपड़ा ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा है 'क्या सरफराज को ऐसे खिलाड़ी के रूप में याद किया जाएगा, जिसने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रनों का पहाड़ खड़ा किया और फिर भी उसे कभी भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिला?? मैं सचमुच आशा करता हूं कि ऐसा न हो। मुझे पता नहीं है कि चयन के लिए उसे और क्या करने की जरूरत है, यह उसे बता दिया जाएगा। अन्यथा...फर्स्ट क्लास क्रिकेट (भारतीय क्रिकेट का दिल और आत्मा) खो जाएगी।
पिछले तीन रणजी सीजन से सरफराज खान ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 100 से ज्यादा की औसत से रन बनाए हैं। इसके बावजूद उन्हें लंबे वक्त से मौका नहीं मिल रहा है। सेलेक्शन के बाद खुद सरफराज खान ने भी अपनी इंस्टा स्टोरी के माध्यम से प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने प्रैक्टिस सेशन की एक फोटो शेयर की थी, और बैकग्राउंड में 'पाएगा जो लक्ष्य है तेरा गाना' शेयर किया था।
सूर्यकुमार यादव को ड्रॉप करने पर सवाल
वेस्टइंडीज दौरे पर जो टेस्ट टीम की घोषणा की गई है, उसमें सूर्यकुमार यादव को भी मौका नहीं मिला है। इसके अलावा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को भी वनडे टीम में जगह नहीं मिली है। आकाश चोपड़ा ने सूर्यकुमार यादव के ड्रॉप पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा 'टेस्ट के लिए SKY के रुक-रुक कर चयन का क्या मतलब है...चयनित किया जाता है...छोड़ दिया जाता है। क्या उन्हें सबसे लंबे प्रारूप के लिए माना जाता है या नहीं? और वनडे के लिए अर्शदीप को क्यों नहीं? क्या वह फिट हैं?
