Ajinkya Rahane reacts to KKR Defeat against Mumbai Indians: मुंबई इंडियंस (MI) ने आईपीएल 2025 में अपने पहले होम मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 8 विकेट से शिकस्त देकर शानदार जीत हासिल की। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में कोलकाता को पूरी तरह धूल चटा दी।मुंबई की जीत में सबसे बड़ा योगदान अनकैप्ड डेब्यूएंट अश्वनी कुमार का रहा, जिन्होंने अपने तीन ओवर में केवल 24 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके इस जबरदस्त प्रदर्शन ने KKR को मात्र 116 रनों तक सीमित कर दिया। ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, विग्नेश पुथुर और मिचेल सैंटनर ने भी गेंदबाजी में कोलकाता के बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
अजिंक्य रहाणे (फोटो- IPL/BCCI/X)
मुंबई ने लक्ष्य का पीछा करते हुए कोई मौका नहीं छोड़ा। रयान रिकेल्टन ने नाबाद 41 गेंदों की शानदार पारी खेलते हुए 62 रन बनाए और अपना पहला आईपीएल अर्धशतक पूरा किया। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने केवल 9 गेंदों में 27 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर मैच को आंद्रे रसेल के छक्के के साथ समाप्त किया। मुंबई ने केवल 13 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
KKR के बल्लेबाजों का फ्लॉप शो, रहाणे ने जताया निराशा
KKR के बल्लेबाजों ने अश्वनी कुमार की गेंदबाजी के आगे घुटने टेक दिए। अंगकृष्ण रघुवंशी ने 16 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम का सबसे बड़ा योगदान दिया, लेकिन कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल पाया। KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे (11 रन) ने भी मैच के बाद निराशा जताते हुए कहा, "यह एक अच्छी पिच थी जहां 180-190 रन बनाए जा सकते थे, लेकिन हमारे बल्लेबाजों ने साथ नहीं दिया। पावरप्ले में 4 विकेट गंवाने के बाद मैच पलटना मुश्किल हो गया।हमें तेजी से सीखना होगा । गेंदबाजों ने काफी कोशिश की लेकिन हम रन ही नहीं बना सके थे । हमारे विकेट गिरते रहे और बाद में वापसी मुश्किल थी।’
यह KKR की इस सीजन में दूसरी हार है, जिससे उनका पॉइंट्स टेबल में संघर्ष बढ़ गया है। उनका अगला मुकाबला 3 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ होगा। वहीं, मुंबई इंडियंस अब 4 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के साथ टकराएगी।इस जीत के साथ मुंबई ने सीजन में अपना खाता खोला है और आगे के मैचों के लिए टीम का मनोबल बढ़ा है। क्या वह इस प्रदर्शन को जारी रख पाएगी? यह देखना दिलचस्प होगा।
