सूर्या या गिल नहीं इस खिलाड़ी का विकेट सबसे अहम, मैच से पहले एडेन मार्करम की चिंता

एडेन मार्करम ने भारत के खिलाफ टी20 मुकाबले से पहले टीम की रणनीति पर खुलकर बात की है। बाराबती स्टेडियम में होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के पहले मैच की पूर्व संध्या पर मार्करम ने अभिषेक शर्मा को लेकर प्रतिक्रिया दी।

दक्षिण अफ्रीका टी20 टीम के कप्तान एडेन मार्करम ने अभिषेक शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि यह भारतीय सलामी बल्लेबाज बेखौफ और उस अति-आक्रामक खेल शैली का प्रतीक है जिसने इस प्रारूप को नयी पहचान दी है। सनराइजर्स हैदराबाद में अभिषेक के साथ खेलने वाले मार्करम ने इस 25 वर्षीय वामहस्त बल्लेबाज के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया। बाराबती स्टेडियम में होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के पहले मैच की पूर्व संध्या पर मार्करम ने कहा, ‘‘मैं सनराइजर्स में पहले भी अभिषेक के साथ खेल चुका हूं, वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और अच्छी बल्लेबाजी भी करते हैं, इसलिए इसमें कोई शक नहीं कि यह हमारे लिए एक बड़ा विकेट है।’’

Aiden Markram

एडेन मार्करम (साभार-ICC)

उन्होंने कहा, ‘‘जो भी नयी गेंद से गेंदबाजी करेगा उसके लिए अभिषेक को जल्दी आउट करना एक चुनौती होगी। वह मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं और यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण विकेट है।’’ मार्करम ने कहा कि मौजूदा समय में टी20 बल्लेबाजी में युवाओं का दबदबा है जो इसकी आक्रामक प्रवृत्ति को मनोरंजन और अवसर दोनों के रूप में देखते हैं। मार्करम ने कहा, ‘‘ यह शायद बेखौफ होकर खेलने का ही नतीजा है और इसमें पहली गेंद से ही दबदबा कायम करने की कोशिश होती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कुछ खिलाड़ियों के लिए आप बस यही चाहते हैं कि वे मन मुताबिक आक्रामक खेल से प्रभुत्व बनाये। अगर वे अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो टीम वास्तव में मजबूत स्थिति में होती है। यह खेल उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।’’

End of Feed