SA vs AUS: एडेन मार्करम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए। लॉर्ड्स में खेले जा रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के तीसरे दिन एडेन मार्कम ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 156 गेंद में अपना यह शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके लगाए। वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में शतक लगाने वाले साउथ अफ्रीका के पहले बल्लेबाज बन गए। उनकी यह पारी इसलिए ज्यादा खास है क्योंकि यह चेज करते हुए आई है। उन्होंने हेजलवुड की गेंद पर चौका मारकर अपनी सेंचुरी पूरी की और अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। उन्होंने अपना अर्धशतक 69 गेंद में पूरा किया था। अर्धशतक से शतक तक का सफर उन्होंने 87 गेंद में पूरा किया।
एडेन मार्करम का शतक (साभार-X)
तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी
एडेन मार्करम ने पहले मुल्डर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और फिर कप्तान बावुमा के साथ शतकीय साझेदारी कर साउथ अफ्रीका को ड्राइविंग सीट पर बिठा दिया। 282 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम को पहला झटका केवल 9 रन के स्कोर पर लगा था, लेकिन उसके बाद मार्करम ने पहले मुल्डर के साथ 61 रन की साझेदारी की और अपनी टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में शतकवीर
इस पारी के साथ ही वह उन दिग्गज बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं जिन्होंने WTC फाइनल में शतक लगाया है। न्यूजीलैंड के केन विलियमसन WTC फाइनल में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज थे। इसके बाद स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में शतकीय पारी खेली थी।
मैच की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका ने 282 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुक्रवार को तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 213 रन बनाकर अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली। स्टंप्स के समय सलामी बल्लेबाज एडेन मारक्रम 102 जबकि तेम्बा बावुमा 65 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अब तक 143 रन की अटूट साझेदारी कर ली है। अभी दो दिन का खेल बचा हुआ है। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए और 69 रन की जरूरत है और उसके आठ विकेट बचे हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए दोनों विकेट मिचेल स्टार्क ने लिये।
