AFG vs PAK 2nd ODI Match Highlights: श्रीलंका के हंबनटोटा में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मैच में पाकिस्तानी टीम हांफते-हांफते जीत तक पहुंच सकी। अफगानिस्तानी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तानी टीम को अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद तक बांधे रखा। पाकिस्तान के पास सिर्फ एक विकेट बाकी था, हालांकि रोमांचक अंत में पाकिस्तान ने 1 विकेट से जीत दर्ज कर ली और सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को 1 विकेट से हराया (PCB)
दूसरे वनडे मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। अफगानी टीम की तरफ से उनके दोनों ओपनर्स ने धमाकेदार बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 227 रनों की विशाल ओपनिंग पार्टनरशिप को अंजाम दिया। रहमानुल्लाह गुरबाज ने अपने वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर (151 रन) बनाया, जबकि इब्राहिम जदरान ने 80 रनों की जोरदार पारी खेली। पाकिस्तानी गेंदबाज अफगानिस्तान के सिर्फ 5 विकेट गिरा पाए और उन्होंने 50 ओवर में 300 रन का स्कोर खड़ा कर दिया।
जवाब में उतरी पाकिस्तानी टीम की तरफ से शीर्ष क्रम में कप्तान बाबर आजम ने 53, जबकि इमाम उल हक ने 91 रनों की पारी खेली। इसके बाद मध्यक्रम में बल्लेबाज लड़खड़ाते नजर आए। सिर्फ उपकप्तान ऑलराउंडर शादाब खान पिच पर टिके रहे और गिरते विकेटों के बीच मैच को अंतिम ओवर तक ले गए।
आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे और उनके दो विकेट बाकी थे। फजलहक फारुकी के इस अंतिम ओवर की पहली ही गेंद पर खूब रोमांच हुआ। पहली गेंद वाइड थी लेकिन शादाब खान इस गेंद पर दौड़ पड़े और रन आउट हो गए। उन्होंने 48 रनों की पारी खेली लेकिन अब पाकिस्तान के पास सिर्फ 1 विकेट बाकी था।
इसके बाद फजलहक फिर से पहली गेंद करने आए जिस पर नसीम शाह ने शानदार अंदाज में चौका जड़ दिया। अब 5 गेंदों में 7 रन चाहिए थे। नसीम शाह दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं ले सके, तीसरी गेंद पर 1 रन लिया। फिर चौथी गेंद पर हारिस राउफ ने 3 रन बनाए और पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर अपनी टीम को 1 विकेट से जीत दिला दी।
