AFG vs BAN, World Cup 2023 LIVE Updates: आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में बांग्लादेश की टीम ने जीत के साथ अपनी शुरुआत की है। शनिवार (सात अक्टूबर, 2023) को टीम ने अफगानिस्तान के सामने बाजी मारी और 92 बॉल्स शेष रहते छह विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
जीत हासिल करने के बाद खुशी का इजहार करते बांग्लादेश के प्लेयर्स।
दरअसल, हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग की थी। शाकिब अल हसन और मेहदी मिराज की शानदार गेंदबाजी के दम पर बांग्लादेश ने विश्व कप के अपने पहले मैच में अफगानिस्तान को 156 रन पर आउट कर दिया था। शाकिब और मिराज ने तीन तीन विकेट लिए थे। अफगानिस्तान के लिये सिर्फ रहमानुल्लाह गुरबाज (62 गेंद में 47 रन) ही कुछ देर टिककर खेल सके थे।
अफगानिस्तान का स्कोर एक समय 25वें ओवर में दो विकेट पर 112 रन था। गुरबाज और हशमतुल्लाह शाहिदी तीसरे विकेट की बड़ी साझेदारी कर रहे थे लेकिन तेज गेंदबाज मुस्ताफिजूर रहमान और स्पिनर मिराज ने पांच गेंद के भीतर दो विकेट ले लिए।
मिराज ने शाहिदी को पवेलियन भेजा जबकि गुरबाज को रहमान ने डीप में तांजिद हसन के हाथों लपकवाया। इन झटकों से अफगान टीम उबर नहीं सकी और उसके विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला लेने वाले बांग्लादेश के कप्तान शाकिब ने भी शानदार गेंदबाजी की। अफगानिस्तान के बल्लेबाज उनकी स्पिन का सामना नहीं कर सके।
अफगानिस्तान की टीम 37.2 ओवर्स में 156 रन पर ढेर हो गई, जबकि जवाबी पारी में बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने 34.4 ओवर्स में चार विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए और जीत हासिल की। प्लेयर ऑफ दि मैच का खिताब बांग्लादेश के मेहिदी हसन मिराज को मिला।
बांग्लादेश: शाकिब अल हसन (कप्तान), लिट्टन दास, तंजीद हसन तमीम, नजमुल हुसैन शंटो, तौहीद हृदय, मुशफिकुर रहीम, महमूदुल्लाह रियाद, महेदी हसन, तास्किन अहमद, मुस्ताफिजुर रहमान और शरीफुल इस्लाम।
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी, रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी, अजमतुल्ला उमरजई, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी और नवीन उल हक।
