एशिया कप का फाइनल आज दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। 8 साल बाद भारत-पाकिस्तान की टीम फाइनल खेल रही है। पिछली बार जब 2017 में दोनों फाइनल में भिड़ी थी तो बाजी पाकिस्तान के हाथ लगी थी। उस मुकाबले में पाकिस्तान की जीत के हीरो रहे थे फखर जमां जो आज के मुकाबले में भी पाकिस्तान के लिए एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं, लेकिन दूसरी तरफ अभिषेक शर्मा पहले से ही टीम इंडिया के सबसे बड़े मैच विनर बने हुए हैं। फाइनल में भी अभिषेक के इर्द-गिर्द टीम इंडिया की बल्लेबाजी निर्भर करेगी। इस मुकाबले में अभिषेक के सामने विराट कोहली को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका होगा।
संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा (साभार-BCCI)
एक टी20 सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड
अभिषेक 3 अर्धशतक सहित 6 मैच में 309 रन बना चुके हैं। वह विराट के 319 रन के रिकॉर्ड से केवल 10 रन दूर हैं। 11 रन बनाते ही विराट एक टी20 सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। अगर वह 23 रन बना लेते हैं तो फिल सॉल्ट पीछे छोड़कर ओवरऑल सबसे सफल बल्लेबाज बन जाएंगे। दूसरी तरफ संजू सैमसन के पास भी धोनी का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है।
धोनी का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं सैमसन
गिल की वापसी के बाद संजू को नीचे बल्लेबाजी करनी पड़ रही है। अब तक खेले गए 6 मैच की 3 पारी में उन्होंने 108 रन बनाए हैं। वह धोनी के रिकॉर्ड से केवल 46 रन दूर हैं। धोनी ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में बतौर भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज 154 रन बनाए थे। सैमसन जिस फॉर्म में हैं, उनके लिए यह ज्यादा मुश्किल नहीं होने वाला है।
