IND vs PAK, Asia Cup 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 के सुपर फोर राउंड के मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 171 रन का स्कोर खड़ा किया था। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 105 रन की आतिशी साझेदारी करके टीम इंडिया की जीत की नींव तैयार कर दी और अंत में भारत ने मैच 7 गेंद शेष रहते 6 विकेट से अपने नाम कर लिया।
अभिषेक शर्मा और हारिस रऊफ मैदान पर भिड़ते हुए
भड़े अभिषेक और हारिस रऊफ
भारतीय टीम की शानदार शुरुआत और अभिषेक-गिल की आतिशी बल्लेबाजी का दबाव पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ियों के चेहरे और बॉडी लैंग्वेज में साफ तौर पर देखने को मिला। इंडिया के रनचेज के दौरान अभिषेक शर्मा और पाकिस्तानी पेसर हारिस रऊफ पांचवें ओवर में आपस में भिड़ गए। ऐसे में बीच बचाव के लिए अंपायर को आना पड़ा। इसके बाद शुभमन गिल और हारिस रऊफ के बीच भी भिड़ंत हो गई। ये झड़प अभिषेक के आक्रामक अर्द्धशतक पूरा करने के दौरान हुई।पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव साफ दिखाई पड़ रहा था।
बेवजह परेशान कर रहे थे पाकिस्तानी प्लेयर
अभिषेक ने मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हुई भिड़ंत को लेकर कहा, पाकिस्तानी खिलाड़ी जिस तरह बेवजह हमारे पास आ रहे थे और परेशान करने की कोशिश कर रहे थे। ये मुझे अच्छा नहीं लगा इसीलिए मैंने उनके खिलाफ बल्ले से भड़ास निकाली। मैं टीम के लिए अच्छा करना चाहता था।
अभिषेक ने खेली 39 गेंद में 74 रन की पारी
अभिषेक ने 39 गेंद में 74 रन की आतिशी पारी क्यों खेली। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के जड़े और टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की। उन्हें इस शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
