Abdul Samad Century: अब्दुल समद ने सोमवार, 21 अक्टूबर को रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर के लिए इतिहास रच दिया। 22 वर्षीय बल्लेबाज प्रीमियर घरेलू प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट में एक ही मैच में दो शतक लगाने वाले जम्मू-कश्मीर के पहले बल्लेबाज बन गए। सनराइजर्स हैदराबाद के इस स्टार ने बाराबती स्टेडियम में ओडिशा पर दबदबा बनाया, जिससे उनकी टीम को अंतिम दिन सुबह के सत्र में मजबूत स्थिति में पहुंचने में मदद मिली।
अब्दुल समद (फोटो- AP)
अब्दुल समद ने आईपीएल की ही तरफ रणजी में भी तेजी से रन बनाए और दूसरी पारी में छह छक्के और पांच चौके लगाते हुए 108 रन जड़ दिए। समद की धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने 7 विकेट पर 270 रन बनाकर पारी घोषित की और ओडिशा को अंतिम दिन बल्लेबाजी करने के लिए कहा। जम्मू-कश्मीर ने ओडिशा को 269 रन का लक्ष्य दिया, जो 10 ओवर के बाद 3 विकेट पर 14 रन बनाकर लड़खड़ा रहा था।जम्मू-कश्मीर के अन्य बल्लेबाजों में से कोई भी अपनी दूसरी पारी में 50 रन से आगे नहीं बढ़ पाया जबकि अब्दुल समद ने अपनी सनसनीखेज पारी से सबको चौंका दिया।
आईपीएल ऑक्शन पर निगाहें
समद ने रणजी ट्रॉफी 2023-24 सीजन में जम्मू और कश्मीर के लिए सात मैचों में 276 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। ऐसा लगता है कि वह इस सीजन में बड़ी पारी खेलने जा रहे हैं। अगर वे इसी लय में रहते हैं तो सनराइजर्स हैदराबाद उन्हें भी अनकैप्ड खिलाड़ी के रुप में रिटेन करना का सोच सकती है। अगर वे रिटेन नहीं होते हैं तो उनकी ये पारी ऑक्शन में उन्हें ज्यादा पैसे दिलाने में काम आ सकती है।
