सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के टी20 वर्ल्ड कप के अभियान की शुरूआत निराशाजनक रही। आरोन फिंच के नेतृत्व वाली ऑस्ट्रेलिया को शनिवार को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-12 राउंड में अपनी चिर-प्रतिद्वंद्वी न्यूजीलैंड के हाथों 89 रन की शिकस्त मिली। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने स्वीकार किया कि केन विलियमसन के नेतृत्व वाली न्यूजीलैंड ने उनकी टीम को चारों खाने चित किया। बता दें कि सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 200/3 का स्कोर बनाया। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 17.1 ओवर में 111 रन पर ढेर हो गई।
आरोन फिंच
मैच के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने कहा कि एक बार जब कॉनवे और फिन एलेन ने न्यूजीलैंड को तगड़ी शुरूआत दिलाई तो वहां से मेजबान टीम वापसी करने में असफल रही। फिंच ने कहा, 'न्यूजीलैंड के ओपनर्स ने पहले चार ओवर में मंच तैयार कर दिया था और हम वहां से वापसी नहीं कर सके। हमें बड़ी शुरूआत की जरूरत थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और हम सभी विभागों में न्यूजीलैंड से हार गए।'
फिंच ने आगे कहा, 'फिन एलेन ने शानदार शुरूआत दिलाई। हमें जल्दी विकेट की जरूरत थी, जो नहीं हुआ और जब हम लक्ष्य का पीछा कर रहे थे तब बहुत ज्यादा विकेट गंवा दिए। हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और नेट रन रेट बढ़ता गया। हमें अब श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला खेलना है। चार मैच बचे हैं। हमें सबकुछ जीतने की जरूरत है और भाग्य का हमें साथ मिले।' ऑस्ट्रेलिया को अपना अगला मुकाबला मंगलवार को पर्थ में श्रीलंका के खिलाफ खेलना है।
बता दें कि डेवोन कॉनवे (92*) और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड ने शनिवार को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-12 राउंड के पहले मैच में गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 89 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। केन विलियमसन के नेतृत्व वाली न्यूजीलैंड ने इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया से पिछले टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली हार का बदला ले लिया। न्यूजीलैंड ने 2011 के बाद ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर टी20 इंटरनेशनल जीत दर्ज की।
