कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का पहला मेडल पक्का, लवलीना बोरगोहेन को मुक्केबाजी सेमीफाइनल में सीधी एंट्री

Commonwealth Games 2026: लवलीना बोरगोहेन का सामना 31 जुलाई को सेमीफाइनल में तुवालू की टीकेबीपी ताफाकी से होगा। जीतने पर वह फाइनल में पहुंचकर गोल्ड या सिल्वर के लिए दावेदारी पेश करेंगी।

Commonwealth Games 2026: स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में गुरुवार से शुरू हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पहले ही दिन भारत के लिए बड़ी खुशखबरी आई। टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किलोग्राम भारवर्ग में सेमीफाइनल में सीधी एंट्री के साथ भारत का पहला पदक पक्का कर दिया है। मुक्केबाजी में सेमीफाइनल में पहुंचते ही कम से कम कांस्य पदक तय हो जाता है, यानी लवलीना का मेडल अब तय है। दरअसल, इस वर्ग में कुल पांच मुक्केबाजों का ड्रॉ निकला था। लवलीना को पहले दौर में बाय मिला, जिससे वह सीधे अंतिम-चार में पहुंच गईं। अब 31 जुलाई को सेमीफाइनल में उनका सामना तुवालू की टीकेबीपी ताफाकी से होगा। जीतने पर वह फाइनल में पहुंचकर गोल्ड या सिल्वर के लिए दावेदारी पेश करेंगी।

lovlina_borgohain Instagram

लवलीना बोरगोहेन (फोटो साभार- lovlina_borgohain/Instagram)

लवलीना के लिए पहला कॉमनवेल्थ मेडल

28 साल की लवलीना के लिए यह कॉमनवेल्थ गेम्स में पहला पदक होगा। इससे पहले वह ओलंपिक, वर्ल्ड चैम्पियनशिप, एशियाई खेल और एशियाई चैम्पियनशिप में पदक जीत चुकी हैं। कॉमनवेल्थ मेडल उनकी उपलब्धियों की लिस्ट में इकलौती कमी थी, जो अब पूरी हो जाएगी। ग्लास्गो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत आज से हो चुकी है। भारतीय समय के मुताबिक रात 10:30 बजे भव्य ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। 124 सदस्यों वाली भारतीय टीम इस बार आठ खेलों में हिस्सा ले रही है। इनमें एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, जूडो, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स, ट्रैक साइक्लिंग, बॉल्स और स्विमिंग शामिल हैं। साथ ही पैरा-एथलीट पांच खेलों में दम दिखाएंगे – पैरा-एथलेटिक्स, 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल, पैरा-पावरलिफ्टिंग, पैरा-स्विमिंग और पैरा-ट्रैक साइक्लिंग।

End of Feed