चांग्झू: भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की शीर्ष युगल जोड़ी शनिवार को सेमीफाइनल में मलेशिया की दूसरी वरीयता प्राप्त आरोन चिया और सोह वूई यिक की जोड़ी से सीधे गेम में हारकर चाइना ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गई। एशियाई खेलों के चैंपियन एक बार फिर दुनिया की दूसरे नंबर की मलेशियाई जोड़ी से हार गए। सात्विक और चिराग को 2022 के विश्व चैंपियन और दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता आरोन और सोह से 13-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा। दोनों जोड़ियों के बीच यह 14वीं भिड़ंत थी जिसमें मलेशियाई जोड़ी का दबदबा रहा है। गौरतलब है कि आरोन और सोह ने तोक्यो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में भी भारतीय जोड़ी को हराया था।
सात्विक साईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी (फोटो क्रेडिट ANI Digital X)
नहीं कर पाए अपना शत प्रतिशत प्रदर्शन
चिराग ने कहा,'हमारे पास मौके थे, खासकर दूसरे गेम में। मुझे लगता है कि हम सही नहीं खेल रहे थे। हम ऐसे स्ट्रोक खेल रहे थे जो हमें नहीं खेलने चाहिए थे। मुझे लगता है कि इसी वजह से हम मैच हार गए। यह एक अच्छा टूर्नामेंट था, लेकिन दुख की बात है कि हमें इस तरह हार का सामना करना पड़ा। हमें थोड़ा और रणनीति से खेलना चाहिए था। हमने योजना तो बनाई थी, लेकिन हम उसे ठीक से लागू नहीं कर पाए। इसमें कुछ समय लगेगा। मुझे लगता है कि हम अब भी अपना शत-प्रतिशत प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। हमें ऐसे मैच जीतने होंगे।'
सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पार रही है जोड़ी
भारतीय जोड़ी ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में एक अन्य मलेशियाई जोड़ी ओंग यू सिन और टियो ई यी पर कड़े मुकाबले में जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की की थी। भारतीय जोड़ी के लिए यह सत्र लगातार अच्छे प्रदर्शन का रहा है जो इस साल की शुरुआत में इंडिया ओपन, सिंगापुर ओपन और मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल में भी पहुंची थी। सात्विक ने कहा,'ओलंपिक के बाद यह काफी मुश्किल था। अचानक सब कुछ बदल गया। मैं चोटिल हो गया था, मैंने अपना ट्रेनर भी बदल दिया। जब हमने दोबारा शुरुआत की, तो हमारी शुरुआत काफी अच्छी रही। फिर कुछ निजी परेशानियां हुईं, फिर ऑल इंग्लैंड खेला, फिर कई चोटें लगीं। इसलिए सही समय पर सही लय नहीं मिल पाती। एक बार जब आप फिर से अच्छा खेलने लगते हैं तो हमें थोड़ा आराम मिल जाता है।'
