कोलकाता: ब्राजील के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को कोलकाता के युवा भारती क्रीड़ांगन (सॉल्ट लेक स्टेडियम) का दौरा किया। दल ने स्टेडियम और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर तीन अक्टूबर को भारत के खिलाफ होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच की तैयारियों का जायजा लिया। ब्राजील फुटबॉल परिसंघ (सीबीएफ) के प्रतिनिधिमंडल ने स्टेडियम, ट्रेनिंग सुविधाओं, टीम के ठहरने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और मैच से जुड़ी अन्य सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इसका उद्देश्य यह देखना था कि कोलकाता ब्राजील की राष्ट्रीय टीम की मेजबानी के लिए कितना तैयार है।
भारत बनाम ब्राजील (फोटो क्रेडिट AI Generated)
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने एक बयान में कहा,'सीबीएफ के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कोलकाता का दौरा किया। उन्होंने तीन अक्टूबर को युवा भारती क्रीड़ांगन (सॉल्ट लेक स्टेडियम) में होने वाले मुकाबले की तैयारियों, बुनियादी ढांचे और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।'
