स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शनिवार को एशियन गेम्स में मेंस के व्यक्तिगत रिकर्व आर्चरी इवेंट में नीरज चौहान ने अपने ही देश के धीरज बोम्मादेवरा को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। नीरज ने कड़े मुकाबले में धीरज को 6-4 से हराया। शुरुआती झटके से उबरते हुए उन्होंने आखिरी सेट में परफेक्ट 10 के साथ मेडल पक्का किया।
नीरज चौहान ने जीता ब्रॉन्ज मेडल। फोटो- सोशल मीडिया
धीरज ने ब्रॉन्ज मेडल मैच की शुरुआत 7 से की। उसके बाद 9 और 10 स्कोर किए। जबकि नीरज ने 10, 9 और 10 स्कोर करके पहला सेट 29-26 से जीता और 2-0 की बढ़त बना ली। धीरज ने दूसरे सेट में जबरदस्त वापसी की और 8, 10 और 10 स्कोर करके कुल 28 अंक बनाए। नीरज ने 10, 8 और 9 स्कोर करके 27 अंक बनाए, जिससे मुकाबला 2-2 से बराबरी पर आ गया।
रोमांचक रहा मुकाबला
इसके बाद धीरज ने तीसरे सेट में बढ़त बनाई, उन्होंने 10, 9 और 10 स्कोर किए, जबकि नीरज ने 10, 9 और 9 स्कोर किए। 29-28 से सेट जीतकर धीरज 4-2 से आगे हो गए। नीरज ने चौथे सेट में वापसी की और तीन बार 10 स्कोर करके 30 अंक बनाए। जबकि धीरज ने 9, 9 और 9 स्कोर किए। 30-27 के स्कोर से मैच 4-4 से बराबरी पर आ गया और निर्णायक पांचवां सेट शुरू हुआ।
धीरज ने आखिरी सेट की शुरुआत 8 से की, लेकिन लगातार दो बार 10 स्कोर करके वापसी की और कुल 28 अंक बनाए। नीरज ने 10, 9 और 10 स्कोर करके 29 अंक बनाए और ब्रान्ज मेडल अपने नाम किया। इससे पहले, धीरज सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के ली वूसोक से 3-7 से हारने के बाद ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में पहुंचे थे, जबकि नीरज को जापान के जुन्या नाकानिशी ने 1-7 से हराया था।
कुमकुम ने रचा है इतिहास
इस ब्रॉन्ज मेडल के साथ भारत के रिकर्व तीरंदाजों का शानदार अभियान पूरा हुआ। इससे पहले दिन में कुमकुम मोहोद ने महिलाओं के व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था। 17 साल की कुमकुम ने फाइनल के 5-5 से टाई होने के बाद शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया की ओह येजिन को हराया। ओह के 8 अंक हासिल करने के बाद कुमकुम ने संयम बनाए रखते हुए 10 अंक का निशाना लगाया और एशियाई खेलों में व्यक्तिगत रिकर्व मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
भारत के हुए 80 मेडल
कुमकुम ने शुक्रवार को अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ महिलाओं की रिकर्व टीम का गोल्ड मेडल और धीरज के साथ मिक्स्ड रिकर्व टीम का सिल्वर मेडल भी जीता था। एशियाई खेलों में भारत का तीरंदाजी अभियान रिकर्व और कंपाउंड इवेंट्स में कुल 9 मेडल- पांच गोल्ड, दो सिल्वर और दो ब्रॉन्ज के साथ समाप्त हुआ। नीरज के ब्रॉन्ज मेडल के साथ भारत के कुल मेडल की संख्या 80 हो गई है, जिसमें 18 गोल्ड, 26 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
