Asian Games 2023 में छा गईं पारुल चौधरीः महिला 5000 मीटर में जीता गोल्ड, अफजल-विथ्या ने हासिल किए रजत और कांस्य

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 3, 2023, 07:13 PM IST

Asian Games 2023: पारुल का मौजूदा एशियाई खेलों में यह दूसरा पदक है। उन्होंने सोमवार को महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी रजत पदक जीता था।

Asian Games 2023: भारत की पारुल चौधरी ने मंगलवार को हांगझोउ में शानदार दमखम का परिचय देते हुए एशियाई खेलों की महिला 5000 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। यह 28 वर्षीय खिलाड़ी अंतिम लैप में शीर्ष दो में शामिल थी और फिर अंतिम लम्हों में जापान की रिरिका हिरोनाका को पछाड़कर 15 मिनट 14.75 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहीं। पारुल का मौजूदा एशियाई खेलों में यह दूसरा पदक है। उन्होंने सोमवार को महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी रजत पदक जीता था।

मोहम्मद अफजल ने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में एक मिनट 48.43 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता। वैसे, इससे पहले विथ्या रामराज अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकी लेकिन इसके बावजूद महिला 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने में सफल रही। पच्चीस साल की विथ्या ने 55.68 सेकेंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। बहरीन की ओलुवाकेमी मुजिदात आदेकोया ने 54.45 सेकेंड के खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चीन की जेदी मो ने 55.01 सेकेंड का सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता।

End of Feed