Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में चीन का दबदबा एक बार फिर दुनिया के सामने है। जहां भारतीय दल अब तक सिर्फ 4 गोल्ड मेडल के लिए संघर्ष कर रहा है, वहीं चीन के एक 19 साल के लड़के ने 7 गोल्ड मेडल जीतकर दुनियाभर में सनसनी मचा दी है। चीन के युवा तैराक झांग झानशुओ ने वह कर दिखाया है जो एशियन गेम्स के इतिहास में आज तक कोई तैराक नहीं कर पाया। एशियन गेम्स में पहली बार उतरे इस 19 साल के लड़के ने पूल में ऐसी लहर पैदा की कि सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। उन्होंने अकेले 7 गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिए।
चीन के खिलाड़ी ने जीता 7 गोल्ड (फोटो साभार- AI/X)
तैराकी में जीता 7 गोल्ड मेडल
झांग ने अपने इस ऐतिहासिक सफर का अंत 400 मीटर फ्रीस्टाइल से किया। आखिरी दिन उन्होंने 3 मिनट 41.28 सेकेंड का नया गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड जीता। उनका यह समय वर्ल्ड रिकॉर्ड से सिर्फ 1.25 सेकेंड पीछे था। इसी से उनकी क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सिर्फ 400 मीटर ही नहीं, झांग ने 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 800 मीटर फ्रीस्टाइल और 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में भी विरोधियों को कोई मौका नहीं दिया। इसके अलावा उन्होंने चीन के लिए तीन रिले इवेंट- 4x100 मीटर फ्रीस्टाइल, 4x100 मीटर मेडले और 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल में भी गोल्ड दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
चीन के ही खिलाड़ी का तोड़ा रिकॉर्ड
इससे पहले एक एशियन गेम्स में सबसे ज्यादा 6 गोल्ड जीतने का रिकॉर्ड चीन की ही झांग यूफेई और जापान की रिकाको इके के नाम था। झांग झानशुओ ने दोनों दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, एशियन गेम्स के एक एडिशन में सबसे ज्यादा मेडल का ओवरऑल रिकॉर्ड अभी भी नॉर्थ कोरिया के निशानेबाज सो जिन-मान के पास है, जिन्होंने 1982 नई दिल्ली गेम्स में 7 गोल्ड और 1 सिल्वर जीता था।
7 गोल्ड के बाद खुश नहीं झांग
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि 7 गोल्ड जीतने के बाद भी झांग अपने प्रदर्शन से पूरी तरह खुश नहीं हैं। उन्होंने खुद को 100 में से सिर्फ 85 नंबर दिए हैं। उनका कहना है कि एशियन गेम्स तो सिर्फ वार्म-अप था। असली लक्ष्य 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक है। वह अपनी टर्निंग तकनीक में सुधार करना चाहते हैं और अगले 2 साल में वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ना उनका सबसे बड़ा सपना है।
