Why is Tirupparankundram Temple famous : तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी इन दिनों कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर चर्चा में है। 24 नवंबर 2026 को यहां पारंपरिक स्थान पर दीपम तो जलाया गया, लेकिन पहाड़ी की चोटी पर दरगाह के पास स्थित पत्थर के खंभे पर दीपक नहीं जलाया गया। खास बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अपने अंतरिम आदेश में इस खंभे पर एक बार दीपम जलाने की अनुमति दी थी। इसके बावजूद तमिलनाडु सरकार ने पारंपरिक स्थान पर ही दीप प्रज्वलित किया। इस घटनाक्रम ने धार्मिक परंपरा, जमीन के अधिकार, कानून-व्यवस्था और न्यायालय के आदेश के पालन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
तिरुप्परनकुंद्रम मंदिर किस भगवान को समर्पित है
हालांकि, इस विवाद को समझने के लिए केवल दीपक जलाने की घटना जानना काफी नहीं है। तिरुप्परनकुंद्रम का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व भी बेहद खास है। आइए जानते हैं कि आखिर यह मंदिर किस भगवान को समर्पित है और पहाड़ी पर स्थित पत्थर के खंभे को लेकर विवाद कैसे शुरू हुआ?
किस भगवान को समर्पित है तिरुप्परनकुंद्रम मंदिर
तिरुप्परनकुंद्रम मंदिर तमिलनाडु के मदुरै शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित है। यह मंदिर भगवान मुरुगन को समर्पित है, जिन्हें भगवान कार्तिकेय, सुब्रह्मण्य और स्कंद के नाम से भी जाना जाता है। दक्षिण भारत में भगवान मुरुगन की विशेष रूप से पूजा की जाती है। तिरुप्परनकुंद्रम को भगवान मुरुगन के छह प्रमुख पवित्र धामों यानी 'आरुपडैवीडु' में शामिल किया गया है। इन छह धामों का तमिल हिंदू परंपरा में विशेष धार्मिक महत्व है।
इस मंदिर की सबसे खास बात यह है कि इसका गर्भगृह पहाड़ी की चट्टान को काटकर बनाया गया है। यहां की गुफा शैली की वास्तुकला इसे तमिलनाडु के दूसरे मंदिरों से अलग पहचान देती है। मंदिर की गुफाओं और शिल्पकला का संबंध पांड्य शासकों के दौर का माना जाता है। सरकारी रिकॉर्ड्स में मंदिर की गुफा संरचनाएं आठवीं शताब्दी की मानी गई हैं। मंदिर की दीवारों और स्तंभों पर बनी नक्काशी भी इसकी प्राचीन स्थापत्य परंपरा को दर्शाती है।
यहां केवल भगवान मुरुगन ही नहीं, बल्कि भगवान शिव, भगवान विष्णु, माता दुर्गा और भगवान गणेश के भी अलग-अलग मंदिर और सन्निधियां हैं। इस तरह तिरुप्परनकुंद्रम धार्मिक रूप से एक महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है, जहां अलग-अलग देवी-देवताओं की पूजा की जाती है।
भगवान मुरुगन और देवी देवयानी का हुआ था विवाह
तिरुप्परनकुंद्रम मंदिर की सबसे प्रमुख धार्मिक मान्यता है कि यहां भगवान मुरुगन और देवराज इंद्र की पुत्री देवी देवयानी का विवाह हुआ था। पौराणिक परंपरा के अनुसार, भगवान मुरुगन ने असुर सुरपद्म का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इसके बाद देवराज इंद्र ने प्रसन्न होकर अपनी पुत्री देवयानी का विवाह भगवान मुरुगन से करने का प्रस्ताव रखा। मान्यता है कि दोनों का दिव्य विवाह इसी तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर संपन्न हुआ था।
इसी धार्मिक मान्यता के कारण यह मंदिर विवाह से जुड़ी मनोकामनाओं के लिए भी खास माना जाता है। तमिल परंपरा में यहां भगवान मुरुगन और देवी देवयानी के दर्शन को शुभ माना जाता है। अविवाहित युवक-युवतियां अच्छे जीवनसाथी की कामना के साथ यहां पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर में हर साल तमिल महीने पंगुनी के दौरान भगवान मुरुगन और देवी देवयानी के दिव्य विवाह का उत्सव भी मनाया जाता है। इसे 'थिरुकल्याणम' कहा जाता है। इस उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
क्या है कार्तिगई दीपम
कार्तिगई दीपम तमिलनाडु का एक प्रमुख धार्मिक पर्व है। इस दिन दीपक जलाने की परंपरा है। तमिल हिंदू परंपरा में यह पर्व प्रकाश, आस्था और भगवान के प्रति श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है और दीप प्रज्वलित किए जाते हैं। कई स्थानों पर पहाड़ियों और मंदिर परिसरों में भी दीप जलाने की परंपरा है।
तिरुप्परनकुंद्रम में कार्तिगई महा दीपम जलाने की परंपरा मंदिर के पास स्थित 'दीपा मंडपम' से जुड़ी है। मंदिर प्रशासन के मुताबिक, यहां उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर दीप प्रज्वलित किया जाता है। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपराओं, स्थापित अनुष्ठानों और आगम नियमों पर आधारित है। वहीं, मंदिर प्रशासन का हमेशा से कहना रहा है कि इसी पारंपरिक व्यवस्था को बनाए रखा जाए।
आखिर क्या है तिरुप्परनकुंद्रम का दीपम विवाद
यह पूरा विवाद इस सवाल पर केंद्रित है कि कार्तिगई दीपम का दीपक केवल उचि पिल्लैयार मंदिर के पास स्थित पारंपरिक दीपा मंडपम में जलाया जाए या पहाड़ी की चोटी पर मौजूद एक पत्थर के खंभे पर भी दीप प्रज्वलित किया जाए। इस खंभे को दीप जलाने के लिए बना स्तंभ बताते हुए याचिकाकर्ताओं ने इसे 'दीपाथून' नाम दिया है।
यह खंभा पहाड़ी पर स्थित एक दरगाह के नजदीक है। इसी वजह से दीपक जलाने की मांग धार्मिक परंपरा के साथ-साथ जमीन के अधिकार और कानून-व्यवस्था से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा बन गई। एक पक्ष का दावा है कि खंभे पर दीप जलाना धार्मिक परंपरा का हिस्सा होना चाहिए, जबकि मंदिर प्रशासन और राज्य सरकार ने पारंपरिक दीपा मंडपम में ही दीप जलाने की व्यवस्था को सही बताया है।
1 दिसंबर 2025 को मद्रास हाई कोर्ट ने दिया था आदेश
दीपम विवाद ने कानूनी रूप तब लिया, जब पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के खंभे पर दीप जलाने की मांग को लेकर मामला मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै बेंच पहुंचा। 1 दिसंबर 2025 को हाई कोर्ट ने आदेश दिया कि उचि पिल्लैयार मंदिर के पास स्थित पारंपरिक स्थान के अलावा पहाड़ी की चोटी पर मौजूद दीपाथून पर भी कार्तिगई दीपम जलाया जाए।
हाई कोर्ट के आदेश में पहाड़ी के स्वामित्व और खंभे की प्रकृति को लेकर भी टिप्पणियां की गई थीं। अदालत ने पहाड़ी के कुछ हिस्सों को छोड़कर बाकी क्षेत्र को मंदिर से संबंधित माना था। जिन हिस्सों को अलग रखा गया, उनमें दरगाह, वहां तक पहुंचने वाली सीढ़ियां और नेल्लीथोपे का इलाका शामिल था। याचिकाकर्ताओं ने खंभे को दीप जलाने के लिए बना स्तंभ बताया था और हाई कोर्ट ने अपने आदेश में इस दावे को स्वीकार किया था। इसके बाद में जनवरी 2026 में हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने भी दीप जलाने के निर्देश को बरकरार रखा।
पहले भी उठ चुका है दीपक जलाने का मुद्दा
तिरुप्परनकुंद्रम में पहाड़ी की चोटी पर दीप जलाने का विवाद नया नहीं है। अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, 1862 और फिर 1912 में भी पहाड़ी पर दीपक जलाने की कोशिश की गई थी। उस समय अधिकारियों ने इन कोशिशों को रोक दिया था। उनका तर्क था कि संबंधित स्थान पर दीप जलाने की कोई स्थापित परंपरा प्रमाणित नहीं है और ऐसा करने से इलाके में शांति भंग होने का खतरा पैदा हो सकता है।
इसके बाद 1996 में भी इसी तरह का विवाद सामने आया। उस समय मद्रास हाई कोर्ट ने मंदिर प्रशासन को भविष्य में किसी वैकल्पिक स्थान पर दीप जलाने पर विचार करने की अनुमति दी थी। हालांकि, इसके लिए प्रशासन से पहले अनुमति लेने की शर्त रखी गई थी। आदेश में यह भी कहा गया था कि वैकल्पिक स्थान दरगाह, वहां तक जाने वाली सीढ़ियों और नेल्लीथोपे क्षेत्र से कम से कम 15 मीटर दूर होना चाहिए।
तमिलनाडु सरकार क्यों कर रही है विरोध
तमिलनाडु सरकार ने हाई कोर्ट के आदेश का विरोध करते हुए कहा था कि मंदिर में कार्तिगई दीपम जलाने की एक स्थापित परंपरा है। सरकार के मुताबिक, एक सदी से भी अधिक समय से दीपक उचि पिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीपा मंडपम में ही जलाया जाता रहा है। सरकार ने पत्थर के खंभे को दीप जलाने का स्तंभ मानने पर भी सवाल उठाए थे। उसका तर्क था कि यह खंभा दीपाथून नहीं, बल्कि सर्वेक्षण के लिए लगाया गया पत्थर हो सकता है। सरकार ने कहा था कि ऐसा कोई ऐतिहासिक रिकॉर्ड सामने नहीं है, जिससे यह साबित हो कि इस खंभे पर पहले कभी कार्तिगई दीपम जलाया गया हो।
राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया था। उसका कहना था कि पहाड़ी पर दरगाह मौजूद है और वहां दीप जलाने को लेकर तनाव की आशंका बनी हुई है। सरकार ने यह भी दलील दी थी कि धार्मिक अनुष्ठान का स्थान तय करने में मंदिर की आगम परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों को महत्व दिया जाना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर 2026 ने भी दिया आदेश
जब मामला आगे सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तो 20 नवंबर 2026 को शीर्ष अदालत ने अंतरिम व्यवस्था के तहत 24 नवंबर को पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपाथून पर एक बार कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में साफ किया कि यह अनुमति केवल 2026 के उत्सव के लिए है। इसे खंभे की धार्मिक पहचान, जमीन के मालिकाना हक या वहां दीप जलाने की किसी स्थायी परंपरा का अंतिम फैसला नहीं माना जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट ने दीप जलाने के लिए सीमित संख्या में अधिकृत लोगों को ही मौके पर जाने की अनुमति देने की बात कही थी। जिला कलेक्टर को व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि दरगाह और मस्जिद की व्यवस्था इसमें प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर सार्वजनिक जमावड़े, जुलूस, प्रदर्शन और नारेबाजी पर भी रोक लगाई गई थी।
24 नवंबर को पारंपरिक जगह पर जला दीपक
सुप्रीम कोर्ट की अंतरिम अनुमति के बाद 24 नवंबर 2026 को कार्तिगई दीपम का आयोजन हुआ। तमिलनाडु सरकार और मंदिर प्रशासन ने उचि पिल्लैयार मंदिर के पास स्थित पारंपरिक दीपा मंडपम में दीप प्रज्वलित किया, लेकिन पहाड़ी की चोटी पर स्थित विवादित पत्थर के खंभे पर दीप नहीं जलाया गया।
इससे पहले जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था की आशंका का हवाला देते हुए निषेधाज्ञा लागू की थी। प्रशासन को खुफिया जानकारी मिली थी कि दोनों समुदायों के कुछ समूह बड़ी संख्या में इलाके में जुट सकते हैं। बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन तथा तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन सहित कुछ नेताओं को भी तिरुप्परनकुंद्रम जाने से रोका गया।
इस घटनाक्रम पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि जो लोग दीपम उत्सव को राजनीतिक मुद्दा बनाने आए थे, वे निराश हुए। वहीं बीजेपी नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश और हिंदू भावनाओं का सम्मान नहीं किया। दूसरी ओर, मंदिर प्रशासन ने अपनी पारंपरिक धार्मिक व्यवस्था का बचाव किया और कहा कि दीपम दीपा मंडपम में स्थापित रीति-रिवाजों के अनुसार जलाया गया।
