Shukra Gochar 2026 : 26 मार्च को राम नवमी के दिन सुबह 5 बजकर 13 मिनट पर शुक्र मेष राशि में प्रवेश करेंगे। शुक्र को धन, सुख, प्रेम और भौतिक सुख-सुविधाओं का कारक माना जाता है। मेष राशि में शुक्र का यह गोचर कुछ राशियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी रहने वाला है। इस दौरान इन राशियों के लोगों को धन, करियर, प्रेम और जीवन के अन्य क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। आइए जानते हैं कि वे कौन सी राशियांं हैं, जिनके लिए शुक्र का मेष राशि में गोचर अच्छा रहने वाला है?
शुक्र का मेष राशि में गोचर किन राशियों के लिए शुभ रहेगा?
मेष राशि
शुक्र का आपकी ही राशि में गोचर बहुत शुभ परिणाम देने वाला रहेगा। इस समय आपके व्यक्तित्व में आकर्षण बढ़ेगा और लोग आपकी ओर प्रभावित होंगे। करियर में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं और बिजनेस में भी नए अवसर सामने आएंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और रुका हुआ धन मिलने की संभावना बनेगी। लव लाइफ में मधुरता आएगी और पार्टनर के साथ अच्छा समय बिताएंगे। यह समय आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला रहेगा और आपके निर्णय सही साबित होंगे। उपाय के तौर पर आप सफेद वस्त्र पहनें और माता लक्ष्मी की पूजा करें।
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए शुक्र का यह गोचर आय और लाभ के नए रास्ते खोल सकता है। आपकी इनकम बढ़ने के योग बनेंगे और किसी पुराने निवेश से भी फायदा मिल सकता है। करियर में आपको नए प्रोजेक्ट मिल सकते हैं, जिससे आपकी पहचान बढ़ेगी। मित्रों और नेटवर्क का सहयोग मिलेगा। लव लाइफ में खुशी और संतुलन रहेगा। उपाय के लिए श्री सूक्त का पाठ करें और सफेद मिठाई का दान करें।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए यह गोचर भाग्य को मजबूत करने वाला रहेगा। आपके रुके हुए कार्य पूरे होंगे और करियर में उन्नति के रास्ते खुलेंगे। विदेश से जुड़े कार्यों में सफलता मिल सकती है। स्टूडेंट्स के लिए यह समय बहुत अच्छा रहेगा। लव लाइफ में भी पॉजिटिव बदलाव देखने को मिलेंगे। उपाय की बात करें तो भगवान विष्णु की पूजा करें और पीले फल का दान करें।
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए शुक्र का गोचर प्रेम और रचनात्मकता को बढ़ाने वाला रहेगा। लव लाइफ में खुशियां आएंगी और रिश्ते मजबूत होंगे। करियर में आपकी मेहनत का फल मिलेगा और नए अवसर मिलेंगे। आर्थिक रूप से भी लाभ के योग बनेंगे। स्टूडेंट्स के लिए यह समय सफलता दिलाने वाला रहेगा। उपाय के तौर पर आप केसर का तिलक लगाएं और गाय को हरा चारा खिलाएं।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए यह गोचर कम्युनिकेशन और नेटवर्किंग में लाभ देगा। आपके काम की सराहना होगी और करियर में नए अवसर मिलेंगे। बिजनेस में नए कॉन्ट्रैक्ट मिल सकते हैं। भाई-बहनों और दोस्तों का सहयोग मिलेगा। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और छोटी-छोटी यात्राएं लाभदायक रहेंगी। समय को और अच्छा बनाने के लिए छोटे बच्चों को सफेद मिठाई बांटें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
