Navratri Me Jau Kaise Ugaye (नवरात्रि में जौ जल्दी कैसे उगाएं): नवरात्रि में घटस्थापना के साथ जौ बोया जाता है। जौ के अंकुरण को नई शुरुआत, शुद्धता और जीवन की सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। माना जाता है कि जितनी अच्छी तरह जौ उगते हैं, उतना ही शुभ फल और देवी की कृपा प्राप्त होती है। घर में उगे जौ को समृद्धि, सुख-शांति और कल्याण का सूचक माना जाता है। जौ कैसे उगाए जाते हैं, ये आप यहां से जान सकते हैं।
नवरात्रि में जौ (जवारे) बोने की सही विधि-
सबसे पहले आप किसी दुकान के जौ खरीदकर ले आएं और जवारे बोने के लिए मिट्टी का बर्तन लें। मिट्टी के बर्तन को धो लें और इसमें किसी भी मिट्टी का इस्तेमाल कर सकते हैं।
अब जौ बोने से एक दिन पहले रात में जो को पानी में भिगो दें। ऐसा करने से अंकुर जल्दी निकलते हैं और जौ ज्यादा घने उगते हैं। सुबह जौ में जो पानी के ऊपर बीज आ गए हों उन्हें निकाल कर फेंक दें। ये खराब जौ हैं जिनसे अंकुर नहीं निकलेंगे।
अब जिस बर्तन में जौ बोने हैं उसमें मिट्टी भर लें और थोड़ी मिट्टी ऊपर से डालने के लिए बचा लें। अब भीगे हुए जौ को फैलाते हुए पूरे में डाल दें। ऊपर से सूखी मिट्टी की एक हल्की लेयर जैसी फैला दें। आपको ऊपर से बहुत ज्यादा मिट्टी नहीं डालनी है। बस इतनी कि ज्यादातर जौ मिट्टी से कवर हो जाएं।
एक वाटर स्प्रे वाली बोतल लें और ऊपर से हल्का मिट्टी को गीला होने तक पानी स्प्रे कर दें। ध्यान रखें अगर आप बिना स्प्रे के पानी डाल रहे हैं को पूरे में छुड़कते हुए पानी डालना है। एक जगह एक बार में ज्यादा पानी डालने से बचें।
अब एक प्लट से जौ वाले बर्तन को ढककर रख दें। जब ऊपर की मिट्टी सूखने लगे तो पानी का स्प्रे कर दें। बहुत ज्यादा पानी जौ में नहीं डालना है। आपको अंकुर निकलने तक जौ वाले बर्तन को ढ़ककर ही रखना है।
अंकुर जब बड़े हो जाएं तो जौ वाले बर्तन को खोल दें। अब सुबह शाम पानी का स्प्रे करते रहें। इससे जौ से पौधे अच्छी तरह से बढ़ने लगेंगे। आपको मिट्टी सूखने पर ही पानी का छिड़काव करना है। इस तरह 5-6 दिन में ही जवारे एकदम हरे और लंबे बढ़ जाएंगे।
