Black Agate Gemstone: काला हकीक को सुरक्षा कवच की तरह माना जाता है। यह पहनने वाले के चारों ओर एक सकारात्मक ऊर्जा का घेरा बनाता है, जिससे बुरी नजर, नकारात्मक विचार और मानसिक अशांति दूर रहती है। कई साधक इसे ध्यान और मंत्र जाप के समय धारण करते हैं, क्योंकि यह मन को स्थिर करता है और आत्मविश्वास बढ़ाता है। अब चूंकि आजकल इसकी डिमांड बढ़ गई है और हर दूसरे हाथ में ये नजर आने लगा है, इसलिए हम आपको इसके बारे में यहां विस्तार से बता रहे हैं।
लोग काला हकीक क्यों पहन रहे हैं?
आज के समय में तनाव, डर, चिंता और नकारात्मकता बहुत बढ़ गई है। ऐसे में लोग ऐसे उपायों की तलाश में रहते हैं जो उन्हें मानसिक शांति और सुरक्षा दें। काला हकीक पहनने से व्यक्ति को आत्मबल मिलता है और जीवन की परेशानियों का सामना करने की शक्ति बढ़ती है। इसके अलावा यह शनि ग्रह से भी जुड़ा माना जाता है, इसलिए शनि दोष या साढ़ेसाती से परेशान लोग भी इसे धारण करते हैं।
10 रत्ती वाला काला हकीक क्यों खास माना जाता है?
ज्योतिष के अनुसार रत्न का वजन बहुत महत्वपूर्ण होता है। 10 रत्ती का काला हकीक संतुलित प्रभाव देता है। यह न तो बहुत हल्का होता है और न ही बहुत भारी, इसलिए इसका असर धीरे-धीरे लेकिन स्थायी माना जाता है। आमतौर पर इसे चांदी या पंचधातु में जड़वाकर पहनने की सलाह दी जाती है।
काला हकीक पहनने का सही तरीका
काला हकीक शनिवार के दिन धारण करना शुभ माना जाता है। पहनने से पहले इसे गंगाजल या साफ पानी से शुद्ध करें और ॐ शं शनैश्चराय नमः मंत्र का जाप करें। इसे अंगूठी या कड़े के रूप में पहना जा सकता है।
