Dev Uthani Ekadashi Par Bhagwan Vishnu Ko Jagane Ka Mantra : देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी पर जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और विवाह, गृह प्रवेश सहित मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इस दिन शाम को भगवान विष्णु की विशेष पूजा की जाती है। शंख, घंटी और मृदंग बजाकर भजन गाए जाते हैं और विशेष मंत्रों का उच्चारण करते हुए श्रीहरि से योगनिद्रा त्यागने की प्रार्थना की जाती है।
देवउठनी एकादशी पर देव जगाने का मंत्र क्या है (Image AI Generated and Newsroom Verified)
साल 2026 में स्मार्त परंपरा के अनुसार देवउठनी एकादशी का व्रत शुक्रवार, 20 नवंबर को है। वैष्णव परंपरा में यह व्रत 21 नवंबर को रखा जाएगा। इस दिन भगवान विष्णु को जगाने के लिए कुछ विशेष मंत्रों का पाठ किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि मंत्रोच्चार, शंख-ध्वनि और भजन-कीर्तन के साथ भगवान का प्रबोधन करने से घर में सुख-समृद्धि और मंगल की कामना पूरी होती है। आइए जानते हैं देव जगाने का मुख्य मंत्र, उसका अर्थ और पूजा का पूरा तरीका क्या है।
देवउठनी एकादशी पर देव जगाने का मुख्य मंत्र
देवउठनी एकादशी की शाम भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाते समय इस मंत्र का उच्चारण किया जाता है।
उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते।
त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत् सुप्तं भवेदिदम्॥
उत्थिते चेष्टते सर्वमुत्तिष्ठोत्तिष्ठ माधव॥
इस मंत्र का अर्थ है कि हे गोविंद, हे जगत के स्वामी, अब अपनी निद्रा त्यागिए। हे जगन्नाथ, आपके सोने से पूरा संसार भी सोया हुआ प्रतीत होता है। आपके जागने पर ही संसार की सभी गतिविधियां फिर से शुरू होती हैं। हे माधव, उठिए और संसार का कल्याण कीजिए।
भगवान विष्णु को जगाने का दूसरा मंत्र
मुख्य जागरण मंत्र के साथ इस मंगल कामना मंत्र का पाठ भी किया जाता है। इसमें भगवान विष्णु से तीनों लोकों का कल्याण करने की प्रार्थना की जाती है।
उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द उत्तिष्ठ गरुडध्वज।
उत्तिष्ठ कमलाकान्त त्रैलोक्यं मङ्गलं कुरु॥
इसका अर्थ है कि हे गोविंद, हे गरुड़ध्वज और माता लक्ष्मी के प्रिय भगवान विष्णु, उठिए और तीनों लोकों का मंगल कीजिए। इस मंत्र के जरिए भक्त भगवान से पूरी सृष्टि के कल्याण और सभी प्राणियों के सुखी जीवन की कामना करते हैं।
देव जगाने से पहले करें पूजा की तैयारी
देवउठनी एकादशी पर भगवान को जगाने की पूजा शाम के समय की जाती है। सबसे पहले घर के मंदिर या आंगन की अच्छी तरह सफाई करें। पूजा स्थल पर लकड़ी की चौकी रखें और उस पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं। परंपरा के अनुसार चौकी या आंगन में गेरू से आकृति बनाएं और रंगोली सजाएं। इसके बाद भगवान विष्णु की मूर्ति या तस्वीर और शालिग्राम जी को चौकी पर स्थापित करें। भगवान के आसन को फूलों, पत्तों, बंदनवार और शुभ सजावटी वस्तुओं से सजाएं।
कई परिवारों में भगवान विष्णु के चरण चिह्न बनाने की परंपरा भी है। पूजा स्थल के पास गन्ने से छोटा मंडप तैयार किया जा सकता है। इसके बाद धूप और घी का दीपक जलाकर भगवान विष्णु तथा माता लक्ष्मी का स्मरण करें। यदि घर में शालिग्राम जी हैं तो उन्हें भी विधिपूर्वक स्थापित करें। पूजा के दौरान स्वच्छता और श्रद्धा का ध्यान रखें।
शंख और घंटी बजाकर भगवान विष्णु को जगाएं
पूजा की तैयारी पूरी होने के बाद भगवान विष्णु को जगाने की रस्म शुरू करें। सबसे पहले शंख बजाएं और घंटी की ध्वनि के साथ भगवान का आह्वान करें। परिवार के सभी सदस्य एक साथ मुख्य जागरण मंत्र का उच्चारण करें। इसके बाद दूसरे मंत्र का पाठ करें। इस दौरान भगवान विष्णु के भजन गाए जा सकते हैं और विष्णु सहस्रनाम, भागवत कथा या पुराणों से जुड़े प्रसंगों का पाठ और श्रवण किया जा सकता है।
इस दिन भगवान के प्रबोधन के समय शंख, घंटा, मृदंग, नगाड़े और वीणा जैसे वाद्य बजाने भी शुभ माना जाता है। नृत्य, भजन और धार्मिक उत्सव के माध्यम से भी भगवान को जगाया जाता है। गांवों और अलग-अलग क्षेत्रों में लोकगीतों के साथ देव जगाए जाते हैं। कई जगहों पर शंख और घंटी बजाते हुए 'उठो देवा, बैठो देवा, अंगुरिया चटकाओ देवा' जैसी लोकगीत भी गाए जाते हैं।
देव जागरण के बाद भगवान को कराएं स्नान और करें शृंगार
मंत्रोच्चार और शंख-घंटी बजाने के बाद भगवान विष्णु को जल के छींटे देकर स्नान कराएं। इसके बाद चंदन या हल्दी का तिलक लगाएं। भगवान को वस्त्र या कलावा अर्पित करें और पीले फूल चढ़ाएं। शालिग्राम जी का पूजन करते समय जल और पंचामृत से अभिषेक करें। भगवान को तुलसी दल अर्पित करें। ध्यान रखें कि एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते तोड़ने से बचना चाहिए। पूजा के लिए तुलसी दल पहले से रखा हो तो उसका उपयोग करें।
इसके बाद भगवान को फल, मिठाई, आंवला, सिंघाड़ा और मौसमी फल अर्पित करें। एकादशी व्रत की परंपरा में चावल से परहेज किया जाता है, इसलिए भोग में चावल से बने पकवान न रखें। घी का दीपक जलाएं और कपूर से भगवान विष्णु की आरती करें। माता लक्ष्मी की भी आरती करें। इसके बाद श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित करें।
पूजा में इन प्रार्थना मंत्रों का भी करें पाठ
भगवान विष्णु को जगाने के बाद भक्त उनसे संसार के कल्याण और व्रत को स्वीकार करने की प्रार्थना करते हैं। इस अवसर पर यह मंत्र पढ़ा जाता है।
इयं तु द्वादशी देव प्रबोधाय विनिर्मिता।
त्वयैव सर्वलोकानां हितार्थं शेषशायिना॥
इसका भावार्थ है कि हे प्रभु, यह द्वादशी आपके जागने के लिए ही बनाई गई है। आपने ही सभी लोकों के कल्याण के लिए इस तिथि का विधान किया है। हे शेषशायी भगवान, कृपया योगनिद्रा से जागकर संसार का कल्याण करें। इसके बाद व्रत की पूर्णता और भगवान की कृपा के लिए यह प्रार्थना करें।
इदं व्रतं मया देव कृतं प्रीत्यै तव प्रभो।
न्यूनं सम्पूर्णतां यातु त्वत्प्रसादाज्जनार्दन॥
इसका अर्थ है कि हे प्रभु, आपकी प्रसन्नता के लिए मैंने यह व्रत किया है। पूजा और व्रत में यदि कोई कमी रह गई हो तो आपकी कृपा से वह पूर्ण हो जाए। हे जनार्दन, मेरी भक्ति स्वीकार करें।
पुष्पांजलि के समय यानि फूल अर्पित करते समय इस वैदिक मंत्र का पाठ भी किया जाता है।
यज्ञेन यज्ञमयजन्त देवास्तानि धर्माणि प्रथमान्यासन।
ते ह नाकं महिमानः सचन्त यत्र पूर्वे साध्याः सन्ति देवाः॥
मंत्रोच्चार के बाद भगवान विष्णु की आरती करें। प्रह्लाद, नारद, पराशर, पुण्डरीक, व्यास, अम्बरीष, शुकदेव, शौनक और भीष्म जैसे भगवान के भक्तों का स्मरण करें। अंत में चरणामृत, पंचामृत और प्रसाद परिवार के सदस्यों में बांटें।
देवउठनी एकादशी पर भगवान को आसन पर बैठाकर कराएं भ्रमण
इस दिन भगवान विष्णु को जगाने के बाद आसन या सुसज्जित सिंहासन पर विराजमान कराकर भ्रमण कराने का विधान भी है। इसके लिए भगवान के आसन को फूलों और शुभ वस्तुओं से सजाया जाता है। परंपरा के अनुसार इसे वाहन या पालकी का रूप दिया जा सकता है। यदि संभव हो तो परिवार के सदस्य आसन को उठाकर घर, आंगन या आसपास प्रतीकात्मक रूप से भ्रमण कराते हैं। यदि घर में इस तरह का आयोजन संभव न हो तो भगवान विष्णु को चौकी या आसन पर विराजमान कराकर पूजा स्थल के आसपास प्रतीकात्मक परिक्रमा कराई जा सकती है।
देवउठनी एकादशी 2026 पर देव जगाने का शुभ मुहूर्त
20 नवंबर 2026 को सूर्यास्त लगभग शाम 5 बजकर 25 मिनट पर होगा। शाम को प्रदोष काल में भगवान विष्णु को जगाने की पूजा की जा सकती है। पंचांग के अनुसार, प्रदोष काल में शाम 5 बजकर 35 मिनट से 7 बजकर 5 मिनट तक स्थिर वृषभ लग्न का समय पूजा के लिए उपयोगी है। इस अवधि में रोग चौघड़िया रहने के बावजूद स्थिर लग्न को ध्यान में रखकर पूजा की जा सकती है।
रात्रि में लाभ चौघड़िया का समय रात 8 बजकर 45 मिनट से 10 बजकर 25 मिनट तक है। इस दौरान वृषभ के बाद मिथुन लग्न रहेगा। यदि आप प्रदोष काल में पूजा नहीं कर पाते हैं तो रात के इस लाभ चौघड़िया में भगवान विष्णु का जागरण कर सकते हैं। इस समय शंख और घंटी बजाकर मंत्रोच्चार, भजन और आरती की जा सकती है। अलग-अलग शहरों में सूर्यास्त, लग्न और चौघड़िया के समय में अंतर हो सकता है, इसलिए अपने स्थानीय पंचांग के अनुसार समय का मिलान जरूर करें।
