Bhai Dooj 2026: भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का त्योहार हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है। दीपावली के दो दिन बाद मनाया जाने वाला यह पर्व केवल भाई के माथे पर तिलक लगाने और उसकी लंबी उम्र की कामना करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बेहद रोचक पौराणिक कथा और धार्मिक मान्यता भी जुड़ी हुई है। इस दिन यमुना स्नान को विशेष पुण्यदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज पर भाई-बहन का एक साथ यमुना नदी में स्नान करना और विधि-विधान से पूजा करना बेहद शुभ होता है। यही वजह है कि इस पर्व को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है।
भाई दूज पर यमुना स्नान का महत्व (Photo - Pinterest)
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - गोवर्धन पूजा की कथा क्या है, गोवर्धन पूजा की कहानी क्या है, यहां पढ़ें गोवर्धन पूजा की कथा हिंदी में
भाई दूज पर यमुना स्नान का महत्व
हिंदू धर्म में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज मनाई जाती है। इस दिन यमुना नदी में स्नान करने की परंपरा का संबंध मृत्यु के देवता यमराज और उनकी बहन यमुना से माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भाई-बहन को एक साथ यमुना में स्नान करना चाहिए। यदि ऐसा संभव न हो तो यमुना जी का स्मरण करके स्नान और पूजा-अर्चना की जा सकती है।
मान्यता है कि भाई दूज पर यमुना स्नान करने से भाई-बहन को अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और भाई को अकाल मृत्यु के भय से मुक्ति का आशीर्वाद मिलता है। इस दिन यमुना जी की पूजा करना भी विशेष फलदायी माना गया है। यही कारण है कि मथुरा और वृंदावन सहित यमुना तट के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर इस अवसर पर श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ देखने को मिलती है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - आज गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त कब है, गोवर्धन पूजा की विधि क्या है
भाई दूज की पौराणिक कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, सूर्यदेव और उनकी पत्नी संज्ञा के दो संतानें थीं, यमराज और यमुना। दोनों भाई-बहन के बीच बेहद प्रेम था। यमुना जी हमेशा अपने भाई यमराज से मिलने की इच्छा रखती थीं और उन्हें अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित करती थीं। हालांकि, यमराज अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण बहन के घर नहीं जा पाते थे।
कहा जाता है कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमुना जी ने एक बार फिर अपने भाई को प्रेमपूर्वक घर आने का निमंत्रण दिया। इस बार यमराज अपनी बहन का निमंत्रण स्वीकार कर मथुरा पहुंचे। बहन को अपने घर आया देखकर यमुना जी की प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने अपने भाई का आदर-सत्कार किया, उनके माथे पर तिलक लगाया और स्वादिष्ट भोजन कराया। बहन के इस प्रेम और स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने यमुना से कोई वरदान मांगने को कहा।
कथा के अनुसार, यमुना जी ने अपने भाई यमराज से वरदान मांगा कि हर वर्ष इस तिथि पर वह उनके घर आया करें। साथ ही उन्होंने यह भी कामना की कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाए और प्रेमपूर्वक भोजन करे, उसे लंबी आयु और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिले।
यमुना जी ने यह वरदान भी मांगा कि जो भाई-बहन इस दिन यमुना नदी में एक साथ स्नान करेंगे, उन्हें अकाल मृत्यु का भय नहीं सताएगा और अक्षय पुण्य की प्राप्ति होगी। यमराज ने अपनी बहन की सभी इच्छाएं पूरी करने का वरदान दिया। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को यम द्वितीया के रूप में मनाने और यमुना स्नान करने की परंपरा प्रचलित होने की मान्यता है।
विश्राम घाट पर होता है स्नान
भाई दूज के अवसर पर मथुरा के विश्राम घाट का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि यहीं यमुना जी ने अपने भाई यमराज का स्वागत और सत्कार किया था। इसलिए इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर यमुना में आस्था की डुबकी लगाते हैं। भाई-बहन एक साथ स्नान करके यमुना जी की पूजा करते हैं और एक-दूसरे के सुखी जीवन की कामना करते हैं। इस अवसर पर यमुना आरती, दीपदान और दान-पुण्य का भी विशेष महत्व होता है। श्रद्धालु यमुना जी को पुष्प अर्पित करते हैं और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करते हैं।
