KVS, NVS Recruitment 2025: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने घोषणा की है कि बोर्ड जल्द ही केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) में 14967 विभिन्न शिक्षण और गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती शुरू करेगा। सीबीएसई की ओर से जारी एक नोटिफिकेशन में कहा गया है, "केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) की ओर से, केवीएस और एनवीएस में विभिन्न शिक्षण और गैर-शिक्षण पदों पर सीधी भर्ती के लिए पात्र भारतीय नागरिकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करता है।"
केवीएस, एनवीएस भर्ती 2025
कब से कब तक कर सकेंगे आवेदन
आधिकारिक सूचना के अनुसार, शिक्षण और गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 14 नवंबर, 2025 से शुरू होगा और 4 दिसंबर, 2025 को समाप्त होगा। उम्मीदवार इस भर्ती से संबंधित विस्तृत अधिसूचना, आवेदन प्रक्रिया और अन्य प्रामाणिक जानकारी के लिए सीबीएसई, केवीएस और एनवीएस की निम्नलिखित आधिकारिक वेबसाइटों पर जा सकते हैं:
— cbse.gov.in,
— kvsangathan.nic.in
— navodaya.gov.in
किन पदों पर होनी है भर्ती
इस भर्ती अभियान में केवीएस और एनवीएस में टीजीटी, पीजीटी और पीआरटी जैसे शिक्षण पदों के साथ-साथ गैर-शिक्षण पदों पर कई रिक्तियां शामिल हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे पात्रता, रिक्तियों और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल सीबीएसई, केवीएस और एनवीएस की आधिकारिक वेबसाइटों का ही उपयोग करें।
भर्ती प्रक्रिया में कई चरण शामिल हैं, जिनमें से कुछ पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा होगी जबकि जरूरत पड़ी तो कौशल परीक्षा भी हो सकती है। प्रारंभिक चरणों में उत्तीर्ण होने वाले उम्मीदवारों के लिए दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। आयु सीमा पद के अनुसार अलग-अलग होगी, जिसकी गणना के लिए कट-ऑफ तिथि 4 दिसंबर, 2025 निर्धारित की गई है। सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट लागू है।
