World Cotton Day 2026: भारत में कपड़ा सिर्फ पहनने की चीज नहीं है, यह हमारी पहचान, मौसम और परंपरा से भी जुड़ा हुआ है। खासकर कॉटन की बात करें तो इसका रिश्ता देश के अलग-अलग हिस्सों की रोजमर्रा की जिंदगी से रहा है। गर्मी हो, उमस हो या लंबे समय तक बाहर रहना हो, कॉटन अपने हल्के और आरामदायक एहसास के कारण हमेशा पसंद किया जाता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - स्विस राष्ट्रपति के लिए सजी हिमालयी थाली, राष्ट्रपति भवन में परोसे गए जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के खास व्यंजन
आज World Cotton Day 2026 के मौके पर अगर आप अपनी अलमारी में थोड़ा देसी और थोड़ा स्टाइलिश बदलाव करना चाहती हैं। तो भारत के अलग-अलग इलाकों में तैयार होने वाले कॉटन फैब्रिक को जरूर जानें। इन कपड़ों की खासियत सिर्फ उनकी बुनाई नहीं, बल्कि उनके पीछे छिपी स्थानीय कला और पहनने का अलग अंदाज भी है। साड़ी से लेकर कुर्ती, शर्ट और दुपट्टे तक, ये फैब्रिक हर लुक में आसानी से फिट हो जाते हैं।
1. खादी कॉटन
खादी का नाम आते ही सादगी और देसीपन याद आता है। इसका लुक जितना सिंपल होता है, पहनने पर उतना ही एलिगेंट लगता है। खादी कॉटन की साड़ी, कुर्ती या शर्ट ऑफिस और कैजुअल दोनों जगह पहनी जा सकती है। इसे ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी के साथ पहनें तो पूरा लुक और खूबसूरत लगता है।
2. चंदेरी कॉटन
मध्य प्रदेश की चंदेरी अपनी हल्की और नाजुक बुनाई के लिए मशहूर है। कॉटन वाला चंदेरी फैब्रिक उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है, जिन्हें बहुत भारी कपड़े पसंद नहीं हैं। इसकी साड़ी या कुर्ती को छोटे झुमकों और सिंपल फुटवियर के साथ पहनकर खूबसूरत देसी लुक बनाया जा सकता है।
3. मलमल कॉटन
मुलमुल यानी ऐसा कपड़ा जो बेहद हल्का और मुलायम महसूस होता है। गर्म दिनों में इसकी कुर्ती, दुपट्टा या साड़ी काफी आरामदायक रहती है। इसका सबसे अच्छा हिस्सा है कि यह बहुत ज्यादा सजावट के बिना भी एक सॉफ्ट और फ्रेश लुक दे देता है।
4. कलमकारी कॉटन
अगर आपको कपड़ों में रंग और कहानी दोनों पसंद हैं, तो कलमकारी कॉटन आपके लिए है। इस पर बने फूल-पत्तियों और पारंपरिक डिजाइनों की वजह से साधारण कुर्ती भी खास नजर आती है। इसे प्लेन पैंट या पलाजो के साथ पहनना आसान स्टाइलिंग आइडिया है।
5. इकत कॉटन
इकत की पहचान उसके खूबसूरत ज्योमेट्रिक पैटर्न और रंगों से होती है। इसकी साड़ी, दुपट्टा या कुर्ती पहनते ही लुक में थोड़ा अलग अंदाज आ जाता है। अगर आपका स्टाइल सिंपल है, तो इकत का एक स्टेटमेंट पीस ही पूरे आउटफिट को खास बना सकता है।
कॉटन की सबसे अच्छी बात यही है कि इसे फैशन के लिए बहुत ज्यादा सजाने की जरूरत नहीं पड़ती। सही रंग, आरामदायक फिट और एक-दो अच्छे एक्सेसरीज के साथ यही देसी फैब्रिक रोजमर्रा के लुक को स्टाइलिश बना सकता है। शायद इसी वजह से कॉटन बदलते फैशन के बीच भी अपनी जगह बनाए हुए है।
