बॉलीवुड में कई ऐसे फैशन मोमेंट्स रहे हैं जो सालों बाद भी लोगों के जहन में ताजा हैं। साल 2008 में आई फिल्म रेस का सुपरहिट गाना Touch Me Touch Me भी ऐसा ही एक यादगार उदाहरण है। इस गाने में कैटरीना कैफ का ग्लैमरस अंदाज देखते ही देखते युवाओं के बीच ट्रेंड बन गया था। खासकर उनकी आसमानी नीले रंग की फ्रिंज ड्रेस ने फैशन की दुनिया में अलग पहचान बनाई।
आज सोशल मीडिया पर 2000s स्टाइल की वापसी के बीच यह लुक एक बार फिर चर्चा में है। दिलचस्प बात यह है कि यह ड्रेस फिल्म के कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स ने नहीं चुनी थी। फिल्म के एक्टर सैफ अली खान ने एक इंटरव्यू में बताया था कि, कैटरीना ने खुद एक विदेश ट्रिप के दौरान इस डिजाइनर ड्रेस को देखा, पसंद किया और अपनी मर्जी से फिल्म में पहनने का फैसला लिया। यही वजह है कि यह आउटफिट सिर्फ एक कॉस्ट्यूम नहीं बल्कि बॉलीवुड फैशन का एक आइकॉनिक फैशन मोमेंट बन गया।
जब कैटरीना ने खुद चुनी अपनी ड्रेस
फिल्म रेस की शूटिंग के दौरान कैटरीना कैफ यूके ट्रिप पर थीं। वहीं उनकी नजर ब्रिटिश डिजाइनर जेनी पैकहम की एक लग्जरी फ्रिंज ड्रेस पर पड़ी। ड्रेस का रंग, कट और मूवमेंट उन्हें इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे तुरंत खरीद लिया।
उस समय इस ड्रेस की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जाती है, जो 2007-08 के दौर में एक बेहद बड़ी रकम मानी जाती थी। बाद में कैटरीना इस ड्रेस को लेकर सीधे फिल्म के सेट पर पहुंचीं और इसे गाने में पहनने का फैसला कर लिया।
क्यों खास था यह लुक?
इस ड्रेस की सबसे बड़ी खासियत इसका आइस ब्लू या सियान शेड था। गाने का सेट डार्क, ग्लॉसी और क्लब-स्टाइल लाइटिंग से भरा हुआ था। ऐसे में यह चमकदार नीला रंग स्क्रीन पर तुरंत ध्यान खींचता था। ड्रेस पर लगे लंबे फ्रिंज हर डांस मूवमेंट के साथ खूबसूरती से हिलते थे, जिससे पूरा परफॉर्मेंस और ज्यादा आकर्षक दिखता था। कैमरे पर यह इफेक्ट बेहद स्टाइलिश नजर आया।
कैटरीना का ग्लैमर था बोनस
ड्रेस के साथ कैटरीना ने सिल्वर स्ट्रैपी हील्स, स्टेटमेंट डैंगलर ईयररिंग्स और वेवी हेयरस्टाइल चुना। मेकअप भी ज्यादा भारी नहीं था। ग्लोइंग स्किन और सॉफ्ट स्मोकी आईज ने पूरे लुक को संतुलित रखा। यही वजह है कि फैंस का ध्यान सिर्फ गाने पर नहीं बल्कि कैटरीना के फैशन पर भी गया। आज भी कई लड़कियां इस तरह की फ्रिंज ड्रेसेस को कॉपी करती हैं।
