Diwali Gifts: दिवाली का त्योहार सिर्फ दीये जलाने और मिठाइयां खाने का नहीं, बल्कि अपनों के साथ खुशियां बांटने का भी मौका है। इस दिन जब कोई रिश्तेदार या दोस्त घर आता है, तो उसके हाथ में एक छोटा सा गिफ्ट देखकर भी दिल खुश हो जाता है। लेकिन हर साल वही सोन पापड़ी का डिब्बा, ड्राय फ्रूट्स का पैकेट और मिठाइयों का बड़ा बॉक्स देखकर अब थोड़ी बोरियत होने लगी है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें : चूड़ी-कैंची की मदद से दिवाली पर बनाएं ट्रेंडी रंगोली, देखें रंगोली बनाने का शानदार हैक
दिवाली के लिए गिफ्ट आइडिया
1. इंडोर प्लांट्स
अगर आप इस बार कुछ अलग देना चाहते हैं, तो इंडोर प्लांट्स एक अच्छा विकल्प हैं। मनी प्लांट, स्नेक प्लांट या छोटा सा सक्युलेंट खूबसूरत गमले में लगाकर गिफ्ट कर सकते हैं। इसके साथ एक छोटा नोट भी लगाएं, जिस पर लिखा हो- आपकी जिंदगी हमेशा खुशियों से हरी-भरी रहे।
2. पर्सनलाइज्ड गिफ्ट
आजकल पर्सनलाइज्ड गिफ्ट काफी पसंद किए जाते हैं। आप किसी खास तस्वीर वाला फोटो फ्रेम, नाम लिखा हुआ कॉफी मग या कस्टमाइज्ड कुशन गिफ्ट कर सकते हैं। ऐसे तोहफों की खासियत यह है कि इनमें आपकी भावनाएं भी जुड़ी होती हैं।
3. अरोमा कैंडल्स और डिफ्यूजर
दिवाली पर रोशनी के साथ घर को खुशबूदार बनाना भी अच्छा लगता है। ऐसे में अरोमा कैंडल्स या एसेंशियल ऑयल डिफ्यूजर गिफ्ट कर सकते हैं। लैवेंडर, रोज और चंदन जैसी खुशबू वाले विकल्प घर के माहौल को सुकूनभरा बना सकते हैं।
4. हैंडमेड होम डेकोर
अगर सामने वाले को घर सजाने का शौक है, तो हैंडमेड डेकोर आइटम शानदार रहेंगे। आप खूबसूरत तोरण, वॉल हैंगिंग, टेराकोटा शोपीस या सजावटी दीये दे सकते हैं। ये चीजें त्योहार के साथ-साथ घर की सजावट में भी काम आएंगी।
5. सेल्फ केयर और वेलनेस गिफ्ट बॉक्स
इस भागदौड़ भरी जिंदगी में खुद के लिए समय निकालना भी जरूरी है। ऐसे में सेल्फ केयर गिफ्ट बॉक्स एक अच्छा आइडिया है। इसमें हल्का खुशबूदार साबुन, बॉडी लोशन, सॉफ्ट टॉवल और बाथ सॉल्ट जैसी चीजें रख सकते हैं। इससे सामने वाले को थोड़ा रिलैक्स करने का मौका मिलेगा।
इस तरह के गिफ्ट्स बेशक आपके दोस्तों और रिश्तेदारों को भी काफी अच्छे लगेंगे।
