त्योहार आते ही अलमारी से सबसे पहले अगर कोई आउटफिट बाहर निकलता है, तो वह अक्सर अनारकली होती है। इसकी खूबसूरत फ्लेयर और रॉयल लुक हर फेस्टिव मौके को खास बना देता है। लेकिन एक गलती जो अक्सर हो जाती है, वह है अनारकली के साथ हर चीज को हैवी बना लेना। पहले से कढ़ाई वालीअनारकली, ऊपर से भारी दुपट्टा, बड़ी-बड़ी ज्वेलरी और चमकदार फुटवियर... फिर पूरा लुक थोड़ा ओवर लगने लगता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - टेम्पल ज्वेलरी को कैसे स्टाइल करें
इस बार अनारकली को थोड़ा स्मार्ट तरीके से स्टाइल कीजिए। अगर आउटफिट खुद ही आकर्षक है, तो बाकी चीजों को हल्का और बैलेंस्ड रखें। इससे आपकी अनारकली भी ज्यादा खूबसूरत लगेगी और आपका पूरा लुक भी स्टाइलिश, एलिगेंट और बिल्कुल फेस्टिव-रेडी नजर आएगा। आखिर फैशन का असली मजा तभी है, जब लोग सिर्फ ड्रेस ही नहीं, आपको भी नोटिस करें।
1. दुपट्टे को लपेटने के बजाय कंधे पर रहने दें
- अगर आपकी अनारकली की नेकलाइन, बॉर्डर या फ्रंट पैनल पर पहले से खूब कढ़ाई है, तो दुपट्टे को बहुत ज्यादा घुमाकर पहनने की जरूरत नहीं।
- इसे एक कंधे पर सलीके से डालें और दूसरे हिस्से को खुला रहने दें। इससे अनारकली का फ्लेयर साफ दिखाई देगा और आपका लुक भी ज्यादा खुला-खुला लगेगा।
- छोटा सा स्टाइल हैक: दुपट्टे की प्लीट्स बहुत चौड़ी न रखें। हल्की और पतली प्लीट्स पूरे लुक को ज्यादा साफ-सुथरा दिखा सकती हैं।
2. सादी अनारकली को एक ‘हीरो’ ज्वेलरी पीस दें
- यहां एक नियम याद रखिए—कपड़े और गहनों को एक-दूसरे से मुकाबला मत करने दीजिए।
- अगर अनारकली पर पहले से जरी, सीक्विन या थ्रेड वर्क है, तो बड़े नेकपीस की जगह खूबसूरत झुमके चुनें। वहीं अगर आपका आउटफिट एकदम सॉलिड और सिंपल है, तो चोकर या स्टेटमेंट नेकपीस को लुक का मुख्य आकर्षण बनाया जा सकता है।
- यानी हर चीज को बोलने की जरूरत नहीं। कभी-कभी एक खूबसूरत चीज ही पूरी कहानी कह देती है।
3. दुपट्टे की जगह केप से बदलें पूरा मूड
- अगर आप इस बार कुछ अलग करना चाहती हैं, तो दुपट्टे को कुछ देर के लिए छुट्टी दे सकती हैं।
- हल्के एम्ब्रॉयडर्ड केप, शॉर्ट जैकेट या शीयर लेयर के साथ अनारकली को पहनें। इससे पारंपरिक सिल्हूट बना रहेगा, लेकिन पूरा आउटफिट थोड़ा ज्यादा नया और फैशन-फॉरवर्ड लगेगा।
- यह स्टाइल खासकर उन लोगों के लिए बढ़िया है जिन्हें दुपट्टा संभालते-संभालते त्योहार का मजा खराब करना पसंद नहीं।
4. सही फुटवियर ऐसे चुनें
- अनारकली खुद एक फ्लोई और ध्यान खींचने वाला आउटफिट है। इसलिए फुटवियर चुनते समय बहुत ज्यादा चमक-दमक जोड़ना जरूरी नहीं।
- सिंपल ब्लॉक हील्स, नाजुक स्ट्रैपी सैंडल या हल्की कढ़ाई वाली जुत्ती इसके साथ अच्छी लग सकती है। बस फुटवियर ऐसा चुनें जिसमें आप आराम से चल सकें।
- आखिर त्योहार है, सिर्फ तस्वीरों में सुंदर दिखना नहीं, घूमना-फिरना भी तो है!
5. अनारकली की लंबाई बदलकर देखिए
- अगर आपको लगता है कि लंबी अनारकली हर बार बहुत ज्यादा फॉर्मल लगती है, तो इसकी लंबाई के साथ प्रयोग करें।
- काफ या एंकल लेंथ अनारकली को सिगरेट पैंट या सीधे ट्राउजर के साथ पहना जा सकता है। इससे पारंपरिक आउटफिट को थोड़ा कंटेम्पररी अंदाज मिलता है और पहनने में भी आसानी रहती है।
- दिन के पूजा-पाठ, फैमिली लंच या छोटे फेस्टिव गेट-टुगेदर के लिए यह स्टाइल खास तौर पर काम कर सकता है।
एक और काम की बात—तीन चीजें एक साथ भारी न करें
अनारकली को स्टाइल करते समय एक छोटा सा ‘वन-हीरो रूल’ अपनाकर देखिए। अगर कपड़ा बहुत हैवी है तो ज्वेलरी हल्की रखें। गहने स्टेटमेंट हैं तो दुपट्टा सिंपल रखें। और अगर आउटफिट बिल्कुल सादा है, तभी एक्सेसरीज को थोड़ा बोलने दें। इससे लुक में एक तरह का बैलेंस आएगा और अनारकली का लुक आपके फिजिक पर सूट करेगा।
