भागदौड़ भरी जिंदगी में अक्सर ऐसा होता है कि हम अपने परिवार, दोस्तों और पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम नहीं बिता पाते। काम, पढ़ाई और जिम्मेदारियों के बीच रिश्तों को समय देना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में आज International Picnic Day एक खूबसूरत बहाना लेकर आया है, जब आप अपने करीबियों के साथ कुछ सुकून भरे पल बिता सकते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - फादर्स डे पर पापा को क्या गिफ्ट दें
हर साल 18 जून को मनाया जाने वाला यह दिन लोगों को घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर प्रकृति के बीच समय बिताने के लिए बेहतरीन मौका है। पिकनिक सिर्फ खाने-पीने का कार्यक्रम नहीं होती, बल्कि यह हंसी, बातचीत, खेल और यादों का एक छोटा-सा उत्सव होती है। अगर आप भी इस दिन को खास बनाना चाहते हैं, तो कुछ आसान और मजेदार तरीकों से इसे सेलिब्रेट कर सकते हैं।
परिवार के साथ बनाएं यादगार पल
अगर परिवार के साथ पिकनिक प्लान कर रहे हैं, तो किसी पार्क, झील या गार्डन का चुनाव करें। घर से पसंदीदा स्नैक्स, सैंडविच, फल और ड्रिंक्स साथ ले जाएं। बच्चों के लिए बैडमिंटन, क्रिकेट या बोर्ड गेम जैसी गतिविधियां भी रख सकते हैं। इससे पूरा परिवार साथ में अच्छा समय बिता पाएगा।
पार्टनर के साथ करें रोमांटिक पिकनिक
अपने पार्टनर के साथ किसी शांत और हरियाली वाली जगह पर छोटी-सी पिकनिक प्लान करें। पसंदीदा खाना, हल्का म्युजिक और लंबी बातचीत इस दिन को खास बना सकती है। मोबाइल फोन को कुछ देर के लिए दूर रखकर सिर्फ एक-दूसरे के साथ समय बिताने की कोशिश करें।
दोस्तों के साथ रखें फन डे
दोस्तों के साथ पिकनिक का मतलब है खूब सारी मस्ती। आप आउटडोर गेम्स, म्यूजिक, फोटो सेशन और छोटे-छोटे चैलेंज रख सकते हैं। साथ में खाना बनाना या पॉटलक पिकनिक भी मजेदार अनुभव हो सकता है।
घर की छत या बालकनी में भी मना सकते हैं
अगर बाहर जाना संभव न हो तो चिंता की बात नहीं। घर की छत, बालकनी या गार्डन में भी छोटी-सी पिकनिक आयोजित की जा सकती है। रंगीन चादर, कुछ कुशन, पसंदीदा खाना और परिवार का साथ इस दिन को खास बना देगा।
जरूर ही आपको भी आज पिकनिक डे पर अपने करीबियों के साथ एकदम बढ़िया क्वालिटी टाइम बिताना ही चाहिए। पिकनिक के दौरान कुछ तस्वीरें और वीडियो जरूर लें। सालों बाद यही छोटी-छोटी यादें चेहरे पर मुस्कान ले आएंगी।
