Sanjay Dutt Tattoos: मनुष्य अपने जीवन की सबसे गहरी स्मृतियां कभी तस्वीरों में सहेजता है, कभी डायरी के पन्नों में और कभी अपने भीतर दबाकर आगे बढ़ जाता है। लेकिन संजय दत्त का स्टाइल थोड़ा अलग है। बॉलीवुड के ओरिजिनल बाबा ने अपने जीवन के खास पलों को शरीर पर बनवा रखा है।
संजय दत्त के टैटूज, सुनाते हैं उनकी इमोशनल कहानी
उनके टैटू पहली नजर में किसी फिल्मी सितारे के स्टाइल का हिस्सा लग सकते हैं। लेकिन गौर से देखने पर ये रिश्तों, आस्था, संघर्ष और आत्मछवि की एक निजी डायरी लगते हैं। संजय के टैटू उनका स्टाइल ही नहीं दिखाते बल्कि उनकी इमोशनल साइड को भी सामने रखते हैं। उनके सीने पर माता-पिता के नाम हैं, कंधे पर महादेव और ड्रैगन, बाजू पर समुराई योद्धा, गर्दन पर तिब्बती ओम और हाथों पर बच्चों के नाम।
29 जुलाई 1959 को जन्मे संजय दत्त 2026 में 67 वर्ष के हो गए हैं। उनकी फिल्मों और विवादों पर बहुत कुछ लिखा जा चुका है। तो इस बार उनके बर्थडे पर पढ़ते हैं उनके शरीर पर दर्ज कहानी, जिसमें हर टैटू बीते हुए जीवन का एक अध्याय बन गया है।
गोवा से शुरू हुआ सिलसिला
संजय दत्त ने टैटू उस दौर में बनवाने शुरू किए, जब हिंदी सिनेमा में यह आम फैशन नहीं था। साल 2011 की एक बातचीत में उन्होंने बताया था कि उनका पहला टैटू गोवा में दाएं कंधे पर बना था।
एक जगह उनके हेयरस्टाइलिस्ट- आलिम हकीम ने भी एक वाकया शेयर किया है। उन्होंने बताया था कि 2003 के आसपास फिल्म 'मुसाफिर’ की शूटिंग के दौरान उनका टैटू देखकर संजय को भी ऐसा कुछ आजमाने का ख्याल आया था। और उन्होंने आलिम से ही एक आर्टिस्ट एक अपॉइंटमेंट बुक करने को कहा था।
हालांकि उनके सभी टैटू कब और किस क्रम में बने, इसका कोई पूरा आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। लेकिन ये उनके शरीर पर बने हैं और तमाम गहराइयां समेटे हैं।
महादेव की स्थिरता और ड्रैगन की आग
संजय दत्त के बाएं कंधे से ऊपरी बाजू तक भगवान शिव की बड़ी आकृति बनी है। इसके साथ ‘ॐ नमः शिवाय’ लिखा हुआ है। दाएं कंधे और ऊपरी बाजू पर आग उगलता ड्रैगन दिखाई देता है।
इन दोनों प्रतीकों को साथ देखें तो संजय दत्त के व्यक्तित्व का विरोधाभास सामने आता है। एक ओर शिव की शांति, वैराग्य और पुनर्निर्माण का भाव है। दूसरी ओर ड्रैगन की शक्ति, ऊर्जा और आक्रामकता। शायद मनुष्य भी ऐसा ही होता है। उसके भीतर शांति की तलाश और परिस्थितियों से लड़ने की आग एक साथ मौजूद रहती हैं।
संजय दत्त का जीवन कई बार बिखरा और हर बार उन्होंने उसे किसी न किसी रूप में फिर खड़ा किया। इसलिए शिव का यह टैटू केवल धार्मिक आस्था और ड्रैगन केवल ताकत का प्रदर्शन नहीं लगता। दोनों मिलकर उनके स्वभाव के दो किनारे बनाते हैं।
उनकी पीठ पर शिवलिंग और तिब्बती पंक्तियों वाला टैटू होने का उल्लेख भी पुरानी रिपोर्टों में मिलता है, हालांकि इसके बनने का सही समय स्पष्ट नहीं है।
सीने पर माता-पिता के नाम
संजय दत्त के सबसे निजी टैटू उनके सीने पर बने हैं जहां उनके पेरेंट्स को जगह मिली है। मां नर्गिस का नाम उर्दू में और पिता सुनील दत्त का नाम देवनागरी में लिखा है। अलग-अलग लिपियों में लिखे ये नाम उस मिली-जुली संस्कृति की याद भी दिलाते हैं, जिसकी दत्त परिवार ने हमेशा नुमाइंदगी की।
याद दिला दें कि संजय की पहली फिल्म ‘रॉकी’ की रिलीज से कुछ दिन पहले नर्गिस का निधन हो गया था। सफलता का द्वार खुलने से ठीक पहले मां का चले जाना उनके जीवन की पहली बड़ी त्रासदी थी। हालांकि बाद के वर्षों में जब वे नशे, विवादों और कानूनी संकटों में घिरे - तब पिता सुनील दत्त उनके साथ मजबूती से खड़े रहे।
संजय ने जीवन में संघर्ष और अकेलापन भी देखा है और उस दौर में मां-बाप को ही इंसान दिल के करीब रखता है। शायद इसीलिए ये नाम सीने पर लिखे गए।
समुराई और लगातार संघर्ष का भाव
संजय दत्त के फैन्स के नोट किया होगा कि उनकी दाईं बाजू पर एक के नीचे एक - दो समुराई योद्धा बने हैं। एक ब्लैक एंड व्हाइट है और दूसरा रंगीन। टैटू आर्टिस्ट विश्वास दोरवेकर ने इनको जापानी शैली के फूलों के डिजाइन के साथ बनाया है। संजय की बाजू पर जापानी भाषा में Honour यानी सम्मान से जुड़ा टैटू भी है।
समुराई को अनुशासन, निष्ठा, सम्मान और अंतिम क्षण तक संघर्ष करने का प्रतीक माना जाता है। संजय दत्त की जिंदगी में भी संघर्ष एक बार आकर समाप्त नहीं हुआ। मां का निधन, नशे की लत, जेल, रिश्तों के उतार-चढ़ाव, करियर की अनिश्चितता और कैंसर… चुनौतियां अलग-अलग चेहरों के साथ लौटती रहीं।
उनका जीवन यह दावा नहीं करता कि मनुष्य कभी गिरता नहीं। वह यह जरूर दिखाता है कि गिरने के बाद लौटने की संभावना बनी रहती है। संभवतः बाजू पर खड़े दोनों समुराई उसी संभावना के प्रहरी हैं।
शेर और Simba Rules
बॉलीवुड में खलनायक के नाम से भी चर्चित संजय दत्त की दाईं बांह पर शेर का टैटू है, जिसके साथ Simba Rules लिखा हुआ है। कहा जाता है कि यह उनके भीतर छिपे बच्चे का प्रतीक है।
याद दिला दें कि ‘द लायन किंग’ फिल्म का सिम्बा अपनी गलतियों और अतीत से भागता है, लेकिन आखिरकार लौटकर उनका सामना करता है। संजय दत्त के जीवन से इस कहानी की समानता सहज ही दिखाई देती है। उनका अतीत हमेशा उनके वर्तमान के साथ चला, फिर भी वे बार-बार जीवन और सिनेमा की मुख्यधारा में लौटे।
मान्यता से जुड़ा आठ घंटे का टैटू
फरवरी 2008 में मान्यता से विवाह के आसपास संजय दत्त ने अपने बाएं फोरआर्म पर एक बड़ा नेम वाला टैटू बनवाया। पुरानी रिपोर्टों में इस पर ‘Dilnashin’ लिखा होने की बात कही गई और इसे मान्यता से जोड़ा गया। हालांकि मान्यता का जन्म नाम Dilnawaz Sheikh बताया जाता है, इसलिए इस बात की पुष्टि मुश्किल है कि यह टैटू उनके नाम पर ही रखा गया है। लेकिन फिर भी मान्यता जिस तरह उनकी जिंदगी में ठहराव लेकर आई हैं- संजय दत्त का यह टैटू भी प्रेम की उसी सार्वजनिक और स्थायी घोषणा जैसा तो लगता ही है।
टैटू आर्टिस्ट समीर पतांगे ने इसे तैयार किया था। बताया जाता है कि कोहनी से कलाई तक फैले इस टैटू को पूरा करने में करीब आठ घंटे लगे।
गर्दन पर आस्था, राशि और अंक
संजय की गर्दन के पीछे करीब चार इंच लंबा Tibetan Om बना है। इसके नीचे उनकी राशि Leo यानी सिंह और लकी नंबर 1 को स्थान दिया गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह टैटू गोवा में फिल्म ‘All the Best’ की शूटिंग के दौरान बनवाया गया था। फिल्म 2009 में रिलीज हुई, इसलिए टैटू भी उसी दौर का माना जाता है। इसे भी विश्वास दोरवेकर ने बनाया था।
इस एक डिजाइन में आस्था, ज्योतिषीय पहचान और भाग्य में विश्वास तीनों साथ दिखाई देते हैं। शायद हर व्यक्ति अपने लिए कोई न कोई अदृश्य सुरक्षा खोजता है। संजय दत्त ने उसे गर्दन के पीछे एक स्थायी प्रतीक में बदल लिया।
बच्चों के नाम और जीवन का नया पड़ाव
साल 2026 की शुरुआत में संजय दत्त ने लंबे समय बाद दो नए टैटू बनवाए। उन्होंने जुड़वां बच्चों शाहरान और इकरा के नाम अपने हाथों के पिछले हिस्से पर लिखवाए। बोल्ड ब्लैक लेटरिंग में बने इन टैटू को प्रमोद देशमुख यानी Calligramod ने तैयार किया। इनमें पुराने टैटू जैसी प्रतीकात्मक जटिलता नहीं है। न कोई योद्धा है, न पशु और न धार्मिक चिह्न। केवल बच्चों के नाम हैं।
शायद उम्र के साथ मनुष्य की भाषा सरल होती जाती है। जीवन के शुरुआती वर्षों में वह अपनी भावनाओं को आग, शेर और योद्धाओं के माध्यम से व्यक्त करता है। समय बीतने पर उसे समझ आता है कि कुछ रिश्तों को प्रतीकों की जरूरत नहीं होती। उनके नाम ही पर्याप्त होते हैं।
शरीर पर 'रोक लिया समय'
संजय दत्त के टैटू को एक साथ देखें तो वे किसी सजावटी संग्रह के बजाय समय की परतें दिखाई देते हैं। महादेव में आस्था है, ड्रैगन में ऊर्जा, समुराई में संघर्ष और शेर में आत्मविश्वास। सीने पर अतीत है, बाजू पर प्रेम और हाथों पर अगली पीढ़ी।
फिल्मों में अभिनेता अनेक किरदार निभाता है। शूटिंग पूरी होने के बाद मेकअप उतर जाता है, पोशाक बदल जाती है और संवाद पीछे छूट जाते हैं। जीवन के किरदार इतनी आसानी से विदा नहीं होते। वे स्मृति, स्वभाव और कभी-कभी शरीर पर बने निशानों में जीवित रहते हैं।
संजय दत्त के सीने पर माता-पिता अब भी उनके सबसे करीब हैं। कंधे पर महादेव हैं, बाजुओं पर योद्धा और हाथों पर बच्चों के नाम। उनकी त्वचा पर दर्ज यह कहानी शायद यही कहती है कि मनुष्य केवल उन घटनाओं से नहीं बनता, जिनसे वह गुजरा है। वह उन लोगों, विश्वासों और स्मृतियों से भी बनता है, जिन्हें गुजर जाने के बाद भी उसने अपने पास रहने दिया।
