Garbhvati Mahilaye Navratri Vrat Kaise rakhein: नवरात्र के नौ दिन भक्ति और उत्साह से भरे होते हैं, लेकिन गर्भावस्था में व्रत रखना थोड़ा जोखिम भरा हो सकता है। अगर कोई गर्भवता महिला उपवास रखती है, तो इस दौरान उन्हें बहुत सावधानी बरतने की जरूरत होती है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस दौरान शरीर को ज्यादा ऊर्जा और पोषण की जरूरत होती है, ताकि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ रहें। कई महिलाएं सोचती हैं कि क्या पूरी तरह से व्रत करना सुरक्षित है या नहीं। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने अमृता अस्पताल फरीदाबाद की डाइट एक्सपर्ट और क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट चारू दुआ से बात की। वह बताती हैं कि गर्भवती महिला के लिए लंबे समय तक भूखे रहना नुकसानदेह हो सकता है। लेकिन सही तरीका अपनाकर महिलाएं नवरात्र की भक्ति निभा सकती हैं और साथ ही अपने और बच्चे के स्वास्थ्य का भी ख्याल रख सकती हैं। इसके लिए उन्होंने कुछ सरल टिप्स भी शेयर की हैं। इस आर्टिकल में जानिए गर्भवती महिलाएं नवरात्र का व्रत कैसे करें, और प्रेग्नेंट लेडीज को नौ दिनों के फास्ट रखना सुरक्षित है या नहीं।
गर्भवती महिलाएं नवरात्रि व्रत कैसे रख सकती हैं (PC- AI)
गर्भवती महिलाएं नवरात्र का व्रत कैसे करें
गर्भावस्था में व्रत रखने का सुरक्षित तरीका
प्रेग्नेंसी में शरीर को लगातार पोषण चाहिए होता है। न्यूट्रिशनिस्ट कहती हैं, 'Pregnancy is not the time for dietary restriction.' अगर आप व्रत रख रही हैं, तो इसे मॉडिफाइड फास्ट के रूप में लें। लंबे समय तक बिना खाए रहने से ब्लड शुगर लेवल गिर सकता है, कमजोरी और डिहाइड्रेशन हो सकता है, जो मां और बच्चे दोनों के लिए खतरनाक हो सकता है।”
छोटे और संतुलित भोजन करें
पूरी तरह भूखे रहने के बजाय दिन में छोटे-छोटे पोषण से भरपूर खाने लेना सही है। दूध, दही, पनीर, मेवे, मखाना और ताजे फल ऊर्जा और कैल्शियम बनाए रखने में मदद करते हैं। साबूदाना, कुट्टू और सिंघारा जैसी व्रत-फ्रेंडली चीजें सीमित मात्रा में ली जा सकती हैं। लेकिन इन्हें ज्यादा तला या भारी न बनाएं, वरना एसिडिटी और पेट दर्द हो सकता है।
हाइड्रेशन का खास ध्यान
व्रत के दौरान पानी और तरल पदार्थ लेना बेहद जरूरी है। नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस भी बनाए रखते हैं। पर्याप्त हाइड्रेशन न होने पर जल्दी थकान, चक्कर और कमजोरी हो सकती है।
जोखिम वाले मामले और डॉक्टर की सलाह
न्यूट्रिशनिस्ट चारू दुआ बताती हैं कि अगर प्रेग्नेंसी हाई-रिस्क है, या आपको जेस्टेशनल डायबिटीज और एनीमिया जैसी कोई समस्या है, तो व्रत नहीं रखना चाहिए। किसी भी आहार या व्रत में बदलाव करने से पहले हमेशा डॉक्टर से सलाह लें।
भक्ति और सेहत का संतुलन
गर्भावस्था में व्रत का मकसद भक्ति है, लेकिन अपनी और बच्चे की सेहत हमेशा प्राथमिकता होनी चाहिए। छोटे-छोटे संतुलित भोजन और सही हाइड्रेशन से आप नवरात्र के दिन सुरक्षित और सेहतमंद तरीके से मना सकती हैं।
प्रेग्नेंट लेडीज को नौ दिनों के फास्ट रखने चाहिए या नहीं
न्यूट्रिशनिस्ट चारू दुआ सलाह देती हैं कि अगर सुरक्षित तरीके से ऊपर दिए टिप्स को फॉलो करते हुए गर्भवती महिलाएं उपवास रखती हैं, तो वह 9 दिन तक भी व्रत रख सकती हैं। लेकिन सबसे अच्छा है कि आप इसके लिए अपने डॉक्टर से सलाह लें। क्योंकि हर किसी का शरीर, प्रकृति और कंडीशन अलग-अलग होती है। ऐसे में यह कुछ महिलाओं के नुकसानदेह भी हो सकता है। ऐसे में अपने डॉक्टर से परामर्श करना सबसे अच्छा तरीका है। वह आपको आपकी स्थिति के अनुसार व्रत रखने का स्वस्थ तरीका और सही-गलत की बेहतर जानकारी दे सकते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
