अगर आप वीकेंड या डिनर में कुछ रिच और रेस्टोरेंट जैसा खाने का मन बना रहे हैं, लेकिन बाहर जाने या ऑर्डर करने से बचना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है। जानी-मानी सर्टिफाइड न्यूट्रिशनिस्ट और शेफ आथिरा सेथुमाधवन ने एक ऐसी क्रीमी और स्वादिष्ट लाहौरी चिकन करी की रेसिपी शेयर की है, जो खाने में बेहद लजीज होने के साथ-साथ सेहत का भी पूरा ध्यान रखती है। सबसे अच्छी बात यह है कि अगर आप शाकाहारी हैं, तो इस रेसिपी में चिकन की जगह पनीर का इस्तेमाल करके इसका वेज वर्जन भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका:
आथिरा सेथुमाधवन की लाहौरी चिकन करी रेसिपी
जरूरी सामग्रियां
ब्राउन प्याज का पेस्ट बनाने के लिए: 4 मध्यम प्याज (बारीक कटे हुए), 1 छोटा चम्मच तेल (एयर-फ्राई करने के लिए), 12 से 15 काजू (भीगे हुए), और आधा कप ग्रीक योगर्ट (दही)।
मैरीनेशन के लिए: 300 ग्राम बोनलेस चिकन (टुकड़ों में कटा हुआ) या 250 ग्राम पनीर, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, एक चौथाई चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, स्वादानुसार नमक, और 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस।
ग्रेवी के लिए: 1 बड़ा चम्मच घी, 1 तेज पत्ता, 2 इलायची, 2 लौंग, दालचीनी का छोटा टुकड़ा, अदरक-लहसुन का पेस्ट, 2 टमाटर की प्यूरी, मसाले (हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, गरम मसाला), आधा कप गर्म पानी, कसूरी मेथी, और डेढ़ बड़ा चम्मच फ्रेश क्रीम।
बनाने की आसान विधि
प्याज का पेस्ट तैयार करें: सबसे पहले कटे हुए प्याज को थोड़े से तेल के साथ एयर-फ्राई या हल्का भूरा भून लें। इसके बाद इसे भीगे हुए काजू और ग्रीक योगर्ट के साथ मिक्सी में पीसकर एक स्मूथ और क्रीमी पेस्ट बना लें।
मैरीनेट करें: चिकन या पनीर के टुकड़ों में अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी, मिर्च, धनिया पाउडर, नमक और नींबू का रस मिलाकर 10 मिनट के लिए रख दें।
हल्का सेक लें: एक पैन में थोड़ा घी गर्म करें और मैरीनेट किए हुए चिकन या पनीर को हल्का सुनहरा होने तक सेक कर अलग रख लें।
ग्रेवी तैयार करें: अब उसी पैन में बचा हुआ घी डालकर खड़े मसाले (तेज पत्ता, इलायची, लौंग, दालचीनी) और अदरक-लहसुन का पेस्ट भूनें। इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालकर तब तक पकाएं जब तक तेल अलग न होने लगे।
मसाले और पेस्ट मिलाएं: इसमें तैयार किया गया प्याज-काजू का पेस्ट और बाकी सूखे मसाले डालकर अच्छी तरह भून लें। फिर गर्म पानी डालकर ग्रेवी को गाढ़ा होने तक पकने दें।
फाइनल टच: अंत में कसूरी मेथी, ताजा हरा धनिया, फ्रेश क्रीम और तैयार किया हुआ चिकन या पनीर डालकर कुछ देर धीमी आंच पर पकाएं। आपकी गरमा-गरम क्रीमी लाहौरी चिकन करी तैयार है, जिसे नान या चावल के साथ परोसें।
