Navratri Vrat Mein Dehydration Se Kaise Bache: नवरात्रि का समय सिर्फ पूजा-पाठ और भक्ति का नहीं, बल्कि खुद को शुद्ध रखने का भी मौका है। लेकिन व्रत के दौरान अचानक खाने-पीने की आदतें बदलना कई बार शरीर के लिए चुनौती बन जाता है। लंबे समय तक पानी न पीना या सीमित आहार लेने से थकान, कमजोरी और चक्कर जैसी परेशानियां हो सकती हैं। अमृता अस्पताल, फरीदाबाद की डाइट एक्सपर्ट और क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट चारू दुआ कहती हैं कि व्रत का मकसद शरीर को कमजोर करना नहीं, बल्कि इसे संतुलित और स्वस्थ रखना है। थोड़ी प्लानिंग और सही हाइड्रेशन से आप पूरे दिन तरोताजा और ऊर्जावान रह सकते हैं।
नवरात्रि व्रत में डिडाइट्रेशन से बचने के लिए एक्सपर्ट टिप्स (PC- Ai)
सुबह की शुरुआत गुनगुने पानी से करें
चारू दुआ बताती हैं, 'व्रत में सिर्फ भूख मिटाना ही नहीं, शरीर को पानी और मिनरल्स देना भी जरूरी है।' इसलिए दिन की शुरुआत गुनगुने पानी या नींबू पानी से करें। यह न केवल हाइड्रेशन बढ़ाता है, बल्कि शरीर को डिटॉक्स करने में भी मदद करता है।
प्राकृतिक ड्रिंक और इलेक्ट्रोलाइट्स अपनाएं
व्रत के दौरान नारियल पानी, छाछ और ताजे फलों का जूस शामिल करना फायदेमंद होता है। ये शरीर में पानी की कमी को पूरा करते हैं और थकान कम करने में मदद करते हैं। इस तरह आप पूरे दिन ऊर्जा महसूस कर सकते हैं।
पानी वाले फल जरूर खाएं
तरबूज, खरबूजा, खीरा और संतरा जैसे फल न केवल स्वाद में ताजगी लाते हैं, बल्कि शरीर को पानी और जरूरी मिनरल्स भी देते हैं। चारू दुआ कहती हैं, 'व्रत में सिर्फ सूखे फल या स्टार्च वाले भोजन पर निर्भर न रहें, इन ताजगी भरे फलों से शरीर तरोताजा रहता है।'
चाय, कॉफी और नमक का संतुलन
अधिक चाय, कॉफी और नमकीन व्रत के दौरान डिहाइड्रेशन बढ़ा सकते हैं। इसलिए इनका सेवन सीमित रखें और हल्का, आसानी से पचने वाला भोजन चुनें।
दिनभर छोटे-छोटे अंतराल में पानी पीएं
भले ही प्यास न लगे, दिनभर छोटे-छोटे अंतराल पर पानी या अन्य हाइड्रेटिंग ड्रिंक लेना जरूरी है। इससे सिरदर्द, चक्कर और कमजोरी से बचा जा सकता है।
लक्षण नजर आए तो तुरंत ध्यान दें
अगर लगातार थकान, चक्कर या मुंह सूखना महसूस हो, तो यह डिहाइड्रेशन का संकेत है। तुरंत तरल पदार्थ लें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
