Gulab Jamun Recipe, गुलाब जामुन रेसिपी: दिवाली का त्योहार हो और मिठाई की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है! घर में मेहमान आने वाले हों या परिवार के साथ त्योहार मनाना हो, गुलाब जामुन हर मौके पर मिठास घोल देते हैं। बाजार से मिठाई खरीदने के बजाय अगर इस बार घर पर ही कुछ खास बनाया जाए तो त्योहार का मजा दोगुना हो सकता है। खास बात यह है कि घर पर बने ताजे गुलाब जामुन का स्वाद ही अलग होता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - दीपावली की शुभकामनाओं के लिए ऐसे कहें दिल से धन्यवाद, भेजें प्यारे रिप्लाई मैसेज
अगर आपको भी हलवाई जैसे नरम और रस से भरे गुलाब जामुन पसंद हैं, तो मावा-पनीर वाली यह रेसिपी जरूर ट्राई करें। कबिता किचन (Kabita's Kitchen) की बताई गई इस रेसिपी में खोया और पनीर का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे गुलाब जामुन का टेक्सचर मुलायम और स्वाद लाजवाब बनता है। आइए जानते हैं इसकी आसान विधि।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - दिवाली की सुबह आंगन में बनाएं ऐसी रंगोली, देखें कोलम, दिवाली मुग्गुलू, डॉट, सिंपल फूलों की रंगोली फोटो
मावा-पनीर गुलाब जामुन बनाने की सामग्री
1. चाशनी के लिए
3 कप चीनी
2 कप पानी
2-3 कुटी हुई इलायची
थोड़ा सा केसर
2. गुलाब जामुन के लिए
250 ग्राम सॉफ्ट मावा (खोया)
100 ग्राम पनीर
¼ कप मैदा
⅓ छोटी चम्मच बेकिंग पाउडर
थोड़ा सा इलायची पाउडर
तलने के लिए तेल या घी
सजावट के लिए कटे हुए पिस्ता और मेवे
गुलाब जामुन बनाने की आसान विधि
स्टेप 1: सबसे पहले चाशनी बनाएं
एक पैन में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। चीनी पूरी तरह घुलने के बाद इसे करीब 10-12 मिनट तक पकाएं। अब इसमें इलायची और केसर डाल दें। ध्यान रखें कि चाशनी ज्यादा गाढ़ी या तार वाली नहीं होनी चाहिए। हल्की चिपचिपी चाशनी तैयार होने पर गैस बंद कर दें।
स्टेप 2: गुलाब जामुन का मिश्रण तैयार करें
एक बड़े बर्तन में मावा और पनीर डालकर अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें इलायची पाउडर और बेकिंग पाउडर मिलाएं। धीरे-धीरे मैदा डालते हुए मिश्रण तैयार करें। इसे हथेलियों से अच्छी तरह मसलकर चिकना और मुलायम आटा बना लें।
स्टेप 3: छोटी-छोटी गोलियां बनाएं
तैयार मिश्रण से बराबर आकार की लोइयां तोड़ें। हथेलियों की मदद से इन्हें गोल और चिकना आकार दें। ध्यान रखें कि गोलियों में कोई दरार न रहे, वरना तलते समय वे टूट सकती हैं।
स्टेप 4: धीमी आंच पर तलें
कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। आंच धीमी से मध्यम रखें। अब गुलाब जामुन डालकर धीरे-धीरे तलें। इन्हें लगातार हल्के हाथ से घुमाते रहें, ताकि चारों तरफ से एक जैसा गहरा सुनहरा-भूरा रंग आ जाए।
स्टेप 5: चाशनी में डालकर रखें
तैयार गर्म गुलाब जामुन को हल्की गुनगुनी चाशनी में डाल दें। ध्यान रखें कि चाशनी न बहुत गर्म हो और न ठंडी। बर्तन को ढककर 2-3 घंटे के लिए रख दें, ताकि गुलाब जामुन अच्छी तरह रस सोख लें।
दिवाली पर ऐसे करें सर्व
परोसने से पहले गुलाब जामुन के ऊपर कटे हुए पिस्ता और दूसरे मेवे डालें। चाहें तो इन्हें हल्का गर्म करके भी सर्व कर सकते हैं। इनका नरम टेक्सचर और मीठा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगा।
खास टिप्स
मावा और पनीर ताजा और मुलायम इस्तेमाल करें।
आटे में जरूरत से ज्यादा मैदा न डालें।
गुलाब जामुन हमेशा धीमी से मध्यम आंच पर तलें।
चाशनी हल्की गुनगुनी रखें, ताकि मिठाई अच्छी तरह रस सोख सके।
