कोरोना के चलते लंबे समय तक आयोजनों पर प्रतिबंध रहा। बीते तीन साल में अलग अलग शहरों में होने वाले साहित्य महोत्सवों का आयोजन भी ठीक तरह से नहीं हुआ। कुछ गिने चुने आयोजन कोविड 19 नियमों के साथ हुए। साहित्य से लगाव रखने वालों के लिए यह महोत्सव किसी मेले की तरह होते हैं, जहां वे अपने प्रिय साहित्यकारों से भेंट कर आनंद लेते हैं। साल 2023 में कई महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित साहित्य महोत्सव होने जा रहे हैं। अगर आप भी साहित्य में रुचि रखते हैं तो अपना कार्यक्रम बना सकते हैं।
जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (Jaipur Literature Festival)
देश के सबसे प्रतिष्ठित जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन साल 2023 में होने वाला है। प्रतिवर्ष जयपुर में होने वाला ये महोत्सव 19 से 23 जनवरी तक होने जा रहा है। देश-दुनिया के कई दिग्गज साहित्यकार इसका हिस्सा बनने वाले हैं।
केरल लिटरेचर फेस्टिवल (Kerala Literature Festival)
केरल साहित्य महोत्सव का इंतजार साल भर रहता है। इस बार केएलएफ का छठा संस्करण होने जा रहा है। इसका आयोजन 12 से 25 जनवरी तक होने वाला है। इस आयोजन में साहित्य पर चर्चा, पुस्तक विमोचन, म्यूजिकल इवेंट्स आदि का आयोजन होगा।
हैदराबाद लिटरेचर फेस्टिवल (Hyderabad Literature Festival)
हैदराबाद की धरती पर भी साहित्य के सितारों की महफिल सजने वाली है। हैदराबाद साहित्य महोत्सव में साहित्य, संस्कृति और कला का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इसका आयोजन 27, 28, 29 जनवरी को होने वाला है।
एपीजे कोलकाता लिटरेचर फेस्टिवल (Apeejay Kolkata Literary Festival)
हैदराबाद, जयपुर और केरल की तरह कोलकाता में भी साहित्यकार जुटने वाले हैं। यहां एपीजे कोलकाता लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन होता है। इस बार ये आयोजन 12 से 15 जनवरी तक आयोजित होने वाला है।
विश्व पुस्तक मेला (World Book Fair New Delhi)
पूरे तीन वर्ष बाद इस बार विश्व पुस्तक मेला का आयोजन होने जा रहा है। यह मेला दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित होता है। पहले यह जनवरी में आयोजित होता था लेकिन इस बार यह 25 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित होने वाला है।
