Saba Azad Condition Parasitic Infection Explained: बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन की गर्लफ्रेंड सबा आजाद की तबीयत को लेकर हाल ही में अपडेट सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह पैरासाइटिक इन्फेक्शन से जूझ रही हैं, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। रिपोर्ट्स के अनुसार पिछले लगभग 14 दिन उनके लिए काफी मुश्किल रहे और इस दौरान उनकी सेहत काफी कमजोर हो गई, उनका 4 किलो तक वजन भी कम हो गया। इस तरह का संक्रमण शरीर पर असर डाल सकता है और तेजी से वजन कम होने जैसी समस्या भी हो सकती है। इस खबर के बाद लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर पैरासिटिक इन्फेक्शन क्या होता है और यह कितना गंभीर हो सकता है। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने डॉ मोहित शर्मा से बात की, जो अमृता हॉस्पिटल फरीदाबाद में इंडरनल मेडिसिन एक्सपर्ट और सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर हैं। चलिए डॉक्टर से ही समझें इसके लक्षण, कारण और बचाव के तरीके।
पैरासाइटिक इन्फेक्शन क्या होता है समझें (PC- IG/ Saba Azad)
क्या होता है पैरासिटिक इन्फेक्शन?
डॉ मोहित शर्मा बताते हैं कि पैरासिटिक इन्फेक्शन एक तरह का संक्रमण होता है, जो बहुत छोटे जीव यानी पैरासाइट के कारण होता है। ये जीव हमारे शरीर में घुसकर वहीं रहने लगते हैं और शरीर से ही पोषण लेते हैं। इससे शरीर धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है। यह समस्या अक्सर गंदे पानी, ठीक से न धोए गए फल-सब्जियां या खराब खाने की वजह से हो सकती है। कई बार यह संक्रमण पेट से जुड़ी परेशानी बढ़ा देता है और व्यक्ति लंबे समय तक असहज महसूस करता रहता है।
सबा आजाद को हुआ साइक्लोस्पोरा संक्रमण
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सबा आजाद को साइक्लोस्पोरा (Cyclospora) नाम के पैरासाइट से जुड़ा संक्रमण हुआ है। इस स्थिति को साइक्लोस्पोरायसिस भी कहा जाता है। यह आमतौर पर दूषित खाने या पानी के कारण फैलता है। इस संक्रमण की वजह से कमजोरी, पेट से जुड़ी दिक्कतें और वजन कम होना जैसी समस्या हो सकती है। यही कारण रहा कि उन्हें डॉक्टर की देखरेख में रहना पड़ा।
पैरासाइटिक इन्फेक्शन के लक्षण कैसे पहचानें
डॉ मोहित शर्मा की मानें तो इस तरह के संक्रमण के लक्षण शुरुआत में सामान्य लग सकते हैं, लेकिन इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए -
- बार-बार पेट खराब होना
- दस्त लगना
- उल्टी जैसा महसूस होना
- पेट दर्द
- थकान
- और अचानक वजन कम होना
इसके आम संकेत हो सकते हैं। कुछ लोगों को भूख कम लगती है और शरीर में कमजोरी महसूस होती है। अगर ये लक्षण लंबे समय तक बने रहें तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी हो जाता है।
कैसे फैलता है यह संक्रमण
डॉ शर्मा बताते हैं कि पैरासिटिकइन्फेक्शन ज्यादातर तब होता है जब हम अनजाने में दूषित खाना या पानी ले लेते हैं। बिना धोए सलाद या फल खाना, बाहर का अस्वच्छ खाना या साफ-सफाई की कमी इसके पीछे बड़ी वजह हो सकती है। कई बार यात्रा के दौरान भी ऐसा संक्रमण हो जाता है क्योंकि वहां का पानी या खाना शरीर को सूट नहीं करता। इसलिए रोजमर्रा की साफ-सफाई और हाइजीन का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
इलाज और बचाव क्यों जरूरी है
डॉ मोहित शर्मा की राय में पैरासिटिकइन्फेक्शन का इलाज संभव है। डॉक्टर जांच के बाद जरूरी दवाएं देते हैं जिससे संक्रमण धीरे-धीरे खत्म हो सकता है। बचाव के लिए हमेशा साफ पानी पीना, खाने से पहले हाथ धोना और फल-सब्जियों को अच्छी तरह साफ करना जरूरी माना जाता है। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर इस तरह की परेशानी से बचा जा सकता है और शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
