White Sauce Pasta Recipe (घर पर पास्ता कैसे बनाएं): पास्ता एक ऐसी इटालियन डिश है, जिसे भारत में भी लोग खूब पसंद करते हैं। बाजार में पास्ता बड़े महंगे मिलते हैं, लेकिन क्या करें ये बच्चों के भी तो फेवरेट हैं। इसलिए कम से कम वीकेंड पर तो इसे खरीदना ही पड़ता है। खासतौर से व्हाइट सॉस पास्ता आजकल ज्यादा डिमांड में है। क्या आप जानते हैं कि आप व्हाइट सॉस पास्ता को घर पर ही बना सकते हैं। इसे घर पर बनाना वैसे इतना आसान तो है नहीं, लेकिन अगर आप चाहें तो घर पर ही यहां दी गई रेसिपी की मदद से बना सकते हैं और फैमिली के साथ एंजॉय कर सकते हैं।
व्हाइट सॉस पास्ता बनाने की सामग्री-
- 200 ग्राम पास्ता
- 2 बड़े चम्मच मक्खन
- 2 बड़े चम्मच मैदा
- 2 कप फुल क्रीम दूध
- 1/2 कप चीज (मोजेरेला कद्दूकस किया हुआ)
- 1/4 चम्मच काली मिर्च पाउडर
- 1/4 चम्मच नमक
- 1/2 चम्मच मिक्स हर्ब्स जैसे ओरेगानो, बेसिल, थाइम
- 2-3 लहसुन की कलियाँ, बारीक कटी हुई
- 1/4 कप उबली हुई सब्जियां (मक्का, गाजर, शिमला मिर्च)
- तेल
व्हाइट सॉस पास्ता बनाने की विधि-
पास्ता बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में पानी उबालें।थोड़ा सा तेल और नमक डालें। उबलने के बाद पास्ता का पानी निकाल दें और उसे थोड़ा सा ठंडा होने दें। आप चाहें तो पास्ता को आपस में चिपकने से बचाने के लिए थोड़ा सा तेल मिला सकते हैं। एक पैन में मध्यम आंच पर मक्खन गरम करें। जब मक्खन पिघल जाए तो उसमें मैदा डालें और लगातार चलाते हुए 1-2 मिनट तक भूनें। ध्यान रहे कि मैदा जले नहीं हल्का सुनहरा होने तक ही भूनना है। आंच धीमी कर दें और धीरे-धीरे दूध डालते हुए लगातार चलाते रहें ताकि कोई गुठली न पड़े।जब सारा दूध मिल जाए तो आंच मध्यम करें और सॉस को लगातार चलाते रहें जब तक कि वह गाढ़ा न हो जाए और चम्मच के पीछे कोट करने लगे। जब सॉस गाढ़ा हो जाए तो उसमें कद्दूकस किया हुआ चीज डालें और अच्छी तरह मिलाएं जब तक कि चीज पिघल न जाए और सॉस क्रीमी न हो जाए।अब काली मिर्च पाउडर, नमक और मिक्स हर्ब्स डालें। अच्छी तरह मिलाएं। अगर आप लहसुन का स्वाद पसंद करते हैं तो मैदा भूनने से पहले बारीक कटा हुआ लहसुन डालकर हल्का सा भून लें। आप उबली हुई सब्जियां भी मिला सकते हैं।उबला हुआ पास्ता पैन में डालें और व्हाइट सॉस के साथ अच्छी तरह मिलाएं ताकि पास्ता सॉस से पूरी तरह कोट हो जाए। आंच धीमी रखें और 1-2 मिनट तक पकाएं ताकि पास्ता सॉस को सोख ले और अच्छी तरह गरम हो जाए। आखिर में गरमागरम व्हाइट सॉस पास्ता को प्लेट में निकालें। ऊपर से थोड़ा सा और कद्दूकस किया हुआ चीज और मिक्स हर्ब्स डालकर गार्निश करें।
