Healthy Ice Cream Recipe: गर्मियों में कुछ ठंडा खाने का मन तो हर किसी का करता ही है। सोशल मीडिया पर इन दिनों 2-इंग्रीडिएंट फ्रूट आइसक्रीम की रेसिपी तेजी से वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि सिर्फ एक फल और थोड़ा-सा नारियल का दूध मिलाकर बिना किसी झंझट के घर पर ही आप स्वादिष्ट आइसक्रीम (Viral Fruit Ice Cream) बना सकते हैं। क्या यह तरीका सच में इतना आसान है? इस सवाल का जवाब सर्टिफाइड न्यूट्रिशन कोच और फिटनेस क्रिएटर वंशिका खुराना ने अपने वीडियो में दिया है। फिटनेस क्रिएटर ने इस वायरल रेसिपी को खुद ट्राई किया और इसके बाद एक आसान तरीका भी बताया, जिससे बिना ज्यादा मेहनत किए वही स्वाद मिल सकता है।
फ्रोजन फ्रूट से बनाएं स्वादिष्ट आइसक्रीम
कैसे बनती है वायरल फ्रूट आइसक्रीम
इस रेसिपी के लिए सबसे पहले अपनी पसंद का कोई भी फल पूरी तरह फ्रीज करना होता है। लोग इसके लिए सबसे ज्यादा तरबूज का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन वंशिका ने अनानास से भी इसे बनाकर देखा। उनके मुताबिक आम और खरबूजा भी इस रेसिपी के लिए अच्छे विकल्प हैं। जब फल अच्छी तरह जम जाए, तो उसमें करीब दो चम्मच ठंडा नारियल का दूध डालना होता है। इसके बाद चम्मच की मदद से जमे हुए फल को लगातार खुरचते हुए मिलाया जाता है, जिससे उसका टेक्सचर आइसक्रीम या सॉर्बेट जैसा हो जाता है।
एक छोटी-सी परेशानी
सुनने में यह रेसिपी जितनी आसान लगती है, असल में इसे बनाना उतना आसान नहीं है। वंशिका ने बताया कि जमे हुए फल को चम्मच से खुरचना काफी मेहनत वाला काम है। उन्होंने मजाक में कहा कि इसे बनाते-बनाते हाथों की अच्छी-खासी एक्सरसाइज हो जाती है। हालांकि थोड़ी देर बाद फल मुलायम होने लगता है और उसका टेक्सचर क्रीमी सॉर्बेट जैसा बन जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मीठा खाने के बाद फिर मीठा खाने का मन क्यों करता है? डॉक्टर से जानिए इसके पीछे छिपी बड़ी वजहें
क्या इतनी मेहनत करना जरूरी है?
वंशिका खुराना का कहना है कि आखिर में बनने वाली आइसक्रीम स्वाद में काफी अच्छी लगती है। लेकिन अगर वही रिजल्ट बिना मेहनत के मिल जाए, तो बेहतर है कि आसान तरीका अपनाया जाए। उन्होंने सलाह दी कि जमे हुए फल और नारियल के दूध को सीधे ब्लेंडर में डालकर ब्लेंड कर लें। इससे कुछ ही मिनटों में बिल्कुल वैसी ही क्रीमी और स्मूद फ्रूट आइसक्रीम तैयार हो जाएगी और हाथों से खुरचने की मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: घर से काम करने पर वजन क्यों बढ़ने लगता है, ये छिपी वजहें भी वर्क फ्रॉम होम के दौरान बना देती हैं आपका मोटा
आखिर यह रेसिपी इतनी वायरल क्यों हो रही है?
इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत इसकी सादगी है। इसे बनाने के लिए सिर्फ दो चीजों की जरूरत पड़ती है। इसमें अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं होती क्योंकि फलों की प्राकृतिक मिठास ही काफी होती है। साथ ही, नारियल के दूध की वजह से यह डेयरी-फ्री भी बन जाती है। यही कारण है कि हेल्दी डाइट फॉलो करने वाले लोग भी इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
