गर्मी का मौसम शुरू होते ही लोग अपनी त्वचा, बाल और सेहत का खास ध्यान रखने लगते हैं। लेकिन अक्सर चश्मे की देखभाल को नजरअंदाज कर देते हैं। तेज धूप, गर्म हवा और बढ़ता तापमान सिर्फ आंखों को ही नहीं बल्कि चश्मे के लेंस को भी नुकसान पहुंचा सकता है। कई लोगों ने देखा होगा कि गर्मियों में लेंस पर धुंधलापन आने लगता है या चश्मे का फ्रेम ढीला महसूस होने लगता है।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सच में तेज गर्मी से चश्मे के लेंस पिघल सकते हैं? रिपोर्ट्स के अनुसार सामान्य तापमान में लेंस पूरी तरह पिघलते नहीं हैं। लेकिन ज्यादा गर्मी उनके ऊपर लगी कोटिंग या खास परत को खराब कर सकती है। इससे लेंस की चमक और क्लैरिटी प्रभावित हो सकती है। इसलिए गर्मियों में चश्मे की सही देखभाल करना बेहद जरूरी माना जाता है।
क्या गर्मी से लेंस पिघल सकते हैं?
अधिकतर चश्मों के लेंस खास प्लास्टिक या दूसरे हल्के पदार्थों से बने होते हैं। बहुत ज्यादा तापमान में ये नरम पड़ सकते हैं या उनकी सतह खराब हो सकती है। हालांकि सामान्य धूप में लेंस पूरी तरह पिघलना बहुत आम नहीं होता है।
कार में चश्मा छोड़ना पड़ सकता है भारी
गर्मियों में बंद कार का तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है। ऐसे में चश्मा कार के डैशबोर्ड पर रखने से लेंस और फ्रेम दोनों खराब हो सकते हैं। आजकल कई लेंस पर एंटी-ग्लेयर और यूवी सुरक्षा जैसी खास परत चढ़ी होती है। ज्यादा गर्मी से यह परत उखड़ सकती है या धुंधली दिखने लगती है।
गर्म पानी से न धोएं चश्मा
कई लोग चश्मे को गर्म पानी से साफ करते हैं, लेकिन इससे लेंस की कोटिंग खराब हो सकती है। हमेशा सामान्य या हल्के ठंडे पानी का इस्तेमाल करें। इसी के साथ साथ रूखे कपड़े या टी-शर्ट से लेंस साफ करना भी गलत माना जाता है। ऐसा करने पर लेंस पर हल्की खरोंच आ सकते हैं। ऐसे में हमेशा माइक्रोफाइबर कपड़े का ही इस्तेमाल करें।
धूप में ऐसे बचाएं अपना चश्मा
धूप में अगर आप चश्मा पहन रहे हैं, तो जब चश्मा इस्तेमाल में न हो तो उसे मजबूत डिब्बे में रखें। इससे धूल, गर्मी और टूटने का खतरा कम रहता है। गर्मी में चश्मे की थोड़ी सी देखभाल लेंस और फ्रेम दोनों को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकती है। सही सफाई और तेज गर्मी से बचाव आपके चश्मे को नया जैसा बनाए रखने में मदद करता है।
