Kolkata Egg Roll: दिल्ली में रोल खाते समय उसमें मेयोनीज मिल जाए तो कोई हैरानी नहीं होती, लेकिन कोलकाता के रोल की बात ही कुछ और है। यहां रोल का असली स्वाद टमाटर केचप, चिली सॉस, नींबू और मसालेदार प्याज के मेल में छिपा होता है। ऊपर से कुरकुरा पराठा और उसके साथ अंडे की परत इसे ऐसा स्वाद देते हैं कि खाने का मन बार-बार करता है। अगर आप भी घर बैठे कोलकाता के मशहूर एग रोल का स्वाद लेना चाहते हैं, तो इसे आसानी से बना सकते हैं।
कोलकाता स्टाइल एग रोल
कोलकाता स्टाइल एग रोल की खासियत
कोलकाता का एग रोल सिर्फ अंडे और पराठे का कॉम्बिनेशन नहीं है। इसमें नींबू की खटास, प्याज का तीखापन, खीरे का कुरकुरापन और केचप की मिठास मिलकर अलग स्वाद बनाते हैं। इसकी एक और खासियत है कि इसमें मेयोनीज की जगह टमाटर केचप और चिली सॉस का इस्तेमाल किया जा सकता है। यही चीज इसे दूसरे शहरों में मिलने वाले रोल से थोड़ा अलग बनाती है।
पराठा बनाने के लिए सामग्री
सबसे पहले रोल का पराठा तैयार करना होगा। इसके लिए 300 ग्राम मैदा, 6 ग्राम नमक, 14 ग्राम चीनी, 16 ग्राम डालडा या घी और करीब 180 से 200 मिलीलीटर गुनगुना पानी लें। पराठे को तलने के लिए थोड़ा तेल भी रख लें। चार एग रोल बनाने के लिए आपको चार अंडे, 150 ग्राम बारीक कटा प्याज, चार हरी मिर्च, एक बड़ा नींबू, एक खीरा, एक से दो चम्मच चाट मसाला, एक से दो चम्मच काला नमक और करीब 80 ग्राम टमाटर केचप चाहिए। चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ी चिली सॉस भी रख सकते हैं।
सबसे पहले तैयार करें पराठे का आटा
एक बड़े बर्तन में मैदा, नमक, चीनी और डालडा डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इसे उंगलियों से रगड़ें, ताकि आटा ब्रेड के चूरे जैसा दिखने लगे। इसके बाद धीरे-धीरे गुनगुना पानी डालें और करीब पांच मिनट तक गूंथकर मुलायम आटा तैयार कर लें। आटे पर थोड़ा तेल लगाकर ढक दें और 30 मिनट के लिए छोड़ दें। अब बारी है रोल में जान डालने वाली स्टफिंग की। प्याज को पतला-पतला काट लें और उसमें बारीक कटी हरी मिर्च तथा आधे नींबू का रस मिलाएं। खीरे को भी लंबी और पतली स्ट्रिप्स में काट लें। इससे रोल खाते समय हर बाइट में कुरकुरापन और ताजगी मिलेगी।
पराठे पर पकाएं अंडा
आटे की बराबर लोइयां बनाएं और उन्हें बेल लें। पराठे में हल्का कट लगाकर उसे रस्सी की तरह मोड़ें और फिर गोल लपेटकर दोबारा बेलें। इससे पराठा परतदार बनेगा। अब गर्म तवे पर तेल डालकर पराठे को दोनों तरफ सुनहरा होने तक सेंक लें। एक अंडे में थोड़ा नमक मिलाकर फेंटें और पराठे पर फैलाएं। अंडे वाली तरफ को अच्छी तरह पकाएं, लेकिन उसे ज्यादा सख्त न होने दें। अब पराठे पर चाट मसाला और काला नमक छिड़कें। इसके बाद प्याज, खीरा और थोड़ा नींबू का रस डालें। ऊपर से टमाटर केचप और अपनी पसंद के अनुसार चिली सॉस डालें। पराठे को कसकर रोल करें और नीचे के दो-तिहाई हिस्से पर कागज लपेट दें, ताकि खाते समय सॉस बाहर न निकले।
