Emergency Kit Item List (इमरजेंसी किट में क्या रखें): प्राकृतिक आपदाओं से लेकर तमाम तरह के सुरक्षा खतरों को देखते हुए लोगों को घर में इमरजेंसी किट तैयार रखने की सलाह दी जाती है। ये ब्लैकआउट होने पर भी आपके काम आएगी। एक जागरूक नागरिक को इस बारे में पता होना चाहिए। यहां हम आपको बता रहे हैं कि घर में इमरजेंसी किट कैसे तैयार करके रखें। इमरजेंसी किट में किन चीजों को जरूर शामिल करें और इमरजेंसी किट को कहां रखें कि ये आपको आसानी से मिल जाए।
Emergency Kit Checklist in Hindi | इमरजेंसी किट में क्या रखना चाहिए
1) कैश जरूर रखें
किसी भी आपातकाल की स्थिति में डिजिटल पेमेंट बंद होने की संभावना रहती है और तब आपके पास कैश पैसे होने चाहिए। ताकि जरूरत के समय आपको किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
2) सूखा खाना
ड्राई फ्रूट, बिस्किट, नमकीन के छोटे पैकेट्स को एक बैग में जरूर रखें। ये जल्दी खराब नहीं होते। अगर आपको कोई हेल्थ प्रॉब्लम है तो इससे जुड़ी खाने की चीजें इस बैग में रखें।
3) पानी की बोतल
ये इंतजाम आपके पास जरूर होना चाहिए। साथ में बुजुर्ग और बच्चे हों तो उनके लिए ऐसी बोतल रखें जिससे आपदा की स्थिति में उनको पानी पीने में दिक्कत न हो।
4) मोमबत्ती और टॉर्च
आपदा या ब्लैकआउट के दौरान घर की लाइट्स बंद करनी होती है। इस दौरान कार की लाइट से लेकर स्ट्रीट लाइट तक, सब बंद रहती है और ऐसे में आपको मोमबत्ती और टॉर्च की जरूरत पड़ेंगी। कई बार तो शहर में बिजली ही कट जाती है। तब भी ये ही आपके काम आएंगे।
5) मेडिकल बॉक्स
सिर्फ तनाव ही क्यों आम दिनों में भी हर घर में एक इमरजेंसी मेडिकल बॉक्स होना ही चाहिए, जिसे हम फर्स्ट एड बॉक्स भी कहते हैं। इस बॉक्स में जरूरी दवाइयां, बच्चों और बुजुर्गों के लिए जरूरी मेडिसिन जैसे खांसी की दवा, बुखार, सरदर्द की दवा, पेट की दवा, रुई, पट्टी, ऑइंटमेंट होती हैं।
6) जरूरी दस्तावेज
आपके पास अपने सारे जरूरी दस्तावेज की तस्वीर फोन के क्लाउड में और साथ ही इनकी हार्ड कॉपी एक जगह पर होनी चाहिए। इन दस्तावेजों में आपका नागरिकता प्रमाण पत्र से लेकर डिग्री तक शामिल है। इसके साथ ही मेडिकल इंश्योरेंस से जुड़े डॉक्युमेंट्स भी साथ होने चाहिए।
7) पावर बैंक और चार्जर
इमरजेंसी किट में पावर बैंक और चार्जर रखना न भूलें। आप कहीं भी रहें, ये आपके काम आएंगी। आपका मोबाइल फोन चार्ज रहेगा तो आपको समय-समय पर लोगों से संपर्क करने में आसानी होगी।
कैसा हो इमरजेंसी किट का बैग
इस किट को रेडी करने के लिए आप ऐसे साइज का बैग चुनें जो आप कंधों पर लेकर आराम से घर से निकल सकें। बहुत बड़ा बैग आपको आराम से चलने नहीं देगा और छोटे बैग में पूरा सामान नहीं आएगा। मीडियम साइज का बैक पैक ऐसे में सही रहता है। बहुत ज्यादा सामान इसमें ना ठूंसे और सामान के लालच से ज्यादा ध्यान रखें कि जान है तो जहान है। पहले अपनी और परिवार की लाइफ बचाने की सोचें।
इमरजेंसी किट को कहां रखें
अक्सर ऐसे सामान को हम कहीं दबाकर रख देते हैं। इस तरह ये आपके यूज में नहीं आएगी। ऐसे सामान को सेफ लेकिन आसानी से पहुंच वाली जगह पर रखना चाहिए जिससे कि आपदा की स्थिति में आप इसे आसानी से निकाल कर घर से निकल सकें।
बच्चों और बुजुर्गों के होने पर
अगर घर में बच्चे और बुजुर्ग हैं तो इनसे जुड़ी चीजों को प्राथमिकता दें। इनकी दवाइयां अलग अलग मार्क करके रखें ताकि बिना समय लगाए ये आपको मिल जाएं।
इसके अलावा जिम्मेदारी नागिरक होने के नाते इमरजेंसी होने पर बताए गए नियमों का पालन करें, अनुशासित रहें और अफवाहों पर ध्यान ना दें। थोड़ा संयम रखने से परेशानी की कुछ घड़ियों का सामना करने में ज्यादा दिक्कत नहीं आती है।
