How get rid of lizards: दिवाली की सफाई में घर साफ करना जितनी बड़ी चुनौती होता है, उतनी ही बड़ी चुनौती होती है सफाई के दौरान निकलने वाली छिपकलियों से बचना। छिपकली दिखने में भले ही छोटी हो, लेकिन ये अच्छे-अच्छों के होश उड़ा देती हैं। इसे पकड़ना भी किसी जंग जीतने से कम नहीं है। घर में कितनी भी सजावट क्यों न कर लें लेकिन अगर एक भी छिपकली नजर आ जाए तो मानों चांद पर दाग लग जाता है। तो क्यों न इस दिवाली पर सफाई के दौरान ही हम कुछ ऐसा इंतजाम कर लें जिससे हमें ये परेशानी ही न हो। ये घरेलू नुस्खे न सिर्फ आसान है, बल्कि बेहद कारगर भी हैं। तो चलिए जानते हैं इनके बारे में-
मिनटों में बन जाएगा छिपकली भगाने वाला स्प्रे
छिपकलियां भगाने के लिए लहसुन काफी काम का साबित होता है। लहसुन छीलने के बाद जो छिलके बचते हैं उन्हें फेंकने की बजाये एक बर्तन में रहने दें और उसमें थोड़ा पानी डाल दें। फिर एक कूटदानी में दो हरी मिर्च और अदरक का छोटा टुकड़ा कूट लें और जो भीगे हुए लहसुन का पानी था, उस पानी में ये कुटा हुआ पेस्ट मिला कर 30 मिनट के लिए रख दें। अब इसको छानकर एक बोतल में भर लें जिससे आप स्प्रे कर सकते हों। इस घोल का छिड़काव अपने घर की उन जगहों पर करें, जहां अक्सर छिपकलियां आती हैं। इस छिड़काव का असर आपको कुछ ही दिन में नजर आने लगेगा। इसका छिड़काव हो सके तो सप्ताह में एक से दो बार करें।
सस्ता और टिकाउ नुस्खा
छिपकली भगाने के लिए आप नेप्थलीन की गोलियां भी काम में ला सकते हैं। आपके घर के जिस भी कोने में छिपकली सबसे ज्यादा आती हैं, वहीं इन गोलियों को रख दें। दरअसल, इसकी महक छिपकली को अच्छी नहीं लगती इसलिए ये उस कोने से भाग जाती हैं। मोर पंख रखने से भी छिपकली उस एरिया में नहीं आती जहां मोर पंख को बंच बनाकर आप रखते हैं।
इस बात का रखें खास ख्याल
छिपकली की घर में एंट्री बंद करनी है तो सबसे जरूरी बात है घर को साफ रखना। दरअसल, छिपकली कीड़े-मकौड़ों की तलाश में ही घरों में आती है। ऐसे में समय-समय पर जाले साफ करें। खिड़कियों पर हमेशा जाली लगाकर रखें। बरसात के दिनों में दरवाजे खुले न छोड़ें।
