Chhath Puja Kharna Prasad: छठ पूजा के दूसरे दिन को खरना कहा जाता है,नहाय खाय के बाद खरना का दिन बेहद खास माना जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को पूजा करते हैं और फिर गुड़ और चावल से बनी खीर का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस प्रसाद की खासियत इसका सादा स्वाद और बनाने का पारंपरिक तरीका है। इसमें न ज्यादा मसालों की जरूरत होती है और न ही किसी खास सजावट की।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - नहाय खाय स्पेशल लौकी की सब्जी की रेसिपी
दूध, चावल और गुड़ का मेल इसे खास मिठास देता है। खरना का प्रसाद केवल एक मिठाई नहीं, बल्कि छठ पूजा की आस्था और परिवार की परंपरा से जुड़ा हिस्सा है। अगर आप भी इस बार घर पर खरना के लिए गुड़ वाली खीर बनाना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी, जरूरी सामग्री और कुछ ऐसे छोटे टिप्स, जिनसे खीर स्वादिष्ट बनेगी।
खरना गुड़-चावल की खीर की सामग्री
इस खीर को बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होगी। एक लीटर फुल क्रीम दूध, आधा कप चावल, लगभग 100 ग्राम गुड़, दो छोटी इलायची और थोड़े से कटे हुए मेवे ले लें। आप अपनी पसंद के अनुसार बादाम और काजू भी डाल सकते हैं। छठ पूजा के प्रसाद के लिए सेंधा नमक या सामान्य नमक की जरूरत नहीं होती।
गुड़ और चावल की खीर बनाने का आसान तरीका
- सबसे पहले चावल को दो से तीन बार साफ पानी से धो लें और लगभग 15-20 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। अब एक भारी तले वाले बर्तन में दूध डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। दूध में उबाल आने पर आंच धीमी कर दें।
- अब इसमें भीगे हुए चावल डालें और लगातार थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते रहें, ताकि चावल बर्तन के तले में चिपके नहीं। इसे तब तक पकाएं, जब तक चावल अच्छी तरह नरम न हो जाएं और दूध गाढ़ा न दिखने लगे।
- इस बीच गुड़ को छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। एक अलग बर्तन में थोड़ा पानी गर्म करके गुड़ को घोल लें। इसे छान लें, ताकि कोई गंदगी हो तो निकल जाए। अब गैस बंद करके खीर को थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद गुड़ का घोल धीरे-धीरे मिलाएं। ध्यान रखें कि बहुत गर्म खीर में सीधे गुड़ डालने से दूध फट सकता है।
- आखिर में इलायची और कटे हुए मेवे डालकर अच्छी तरह मिला दें। आपकी खरना की पारंपरिक गुड़ वाली खीर तैयार है।
खरना के प्रसाद को बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
खीर का असली स्वाद उसकी सादगी में छिपा होता है। इसलिए गुड़ की मात्रा अपनी पसंद के अनुसार रखें, लेकिन बहुत ज्यादा गुड़ डालने से इसका स्वाद बदल सकता है। चावल को धीमी आंच पर पकाने से खीर में अच्छी गाढ़ापन आता है। छठ पूजा में प्रसाद बनाते समय साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष ध्यान रखें। परिवार की परंपरा के अनुसार साफ बर्तन और पूजा के लिए निर्धारित सामग्री का इस्तेमाल करें।
खरना के दिन तैयार किया गया यह प्रसाद परिवार के साथ बांटने और छठी मैया का आशीर्वाद लेने का खास अवसर होता है। इसकी मिठास में सिर्फ गुड़ का स्वाद नहीं, बल्कि त्योहार की परंपरा और अपनों के साथ का अपनापन भी शामिल होता है।
