घर पर पार्टी हो और कुछ बढ़िया स्टार्टर ना हो तो जश्न कुछ फीका सा लगता है। अगर स्टार्टर ऐसा हो जो गपशप के बीच आसानी से खाया जा सके, तो मजा और भी बढ़ जाता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए मशहूर शेफ संजीव कपूर ने ऐसी लाजवाब और आसान रेसिपी शेर की है जो आपकी हाउस पार्टी का आनंद और बढ़ा देगी। ये रेसिपी है कुरकुरे और सुनहरे फिश पकोड़े की।
संजीव कपूर की फिश पकौड़ा रेसिपी (Photo: Sanjeev Kapoor Blog)
संजीव कपूर के मुताबिक, यह बिना कांटों वाले मछली के टुकड़ों से बनता है, जिन्हें अदरक-लहसुन के पेस्ट और नींबू के रस में मैरीनेट करके बेसन के घोल में लपेटा जाता है और सुनहरा व कुरकुरा होने तक तला जाता है। इसे तैयार करने में करीब 20 मिनट और पकाने में लगभग 15 मिनट लगते हैं।
फिश पकौड़े के लिए जरूरी सामग्री
मछली और मैरीनेशन के लिए: 200 ग्राम बिना कांटे वाली मछली के फिलेट (2 इंच के टुकड़ों में कटे हुए), आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर (और थोड़ा ऊपर से छिड़कने के लिए), एक चौथाई छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, आधा नींबू, स्वादानुसार नमक और तलने के लिए तेल।
कोटिंग और परोसने के लिए: जरूरत के हिसाब से कॉर्नफ्लोर, लगभग तीन चौथाई कप बेसन का घोल, ऊपर से छिड़कने के लिए चाट मसाला और साथ में परोसने के लिए हरी चटनी।
बेसन का घोल बनाने के लिए: 3 कप बेसन, आधा कप चावल का आटा, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चौथाई छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, स्वादानुसार नमक और डेढ़ कप पानी।
फिश पकौड़ा बनाने की रेसिपी
सबसे पहले एक कटोरे में लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। इसमें नींबू का रस निचोड़ें, नमक डालें और अच्छी तरह मिला लें। अब मछली के टुकड़ों को इस मसाले में डालें और अच्छे से लपेटकर 10 मिनट के लिए अलग रख दें।
इसके बाद कड़ाही में पर्याप्त तेल गरम करें। मछली के हर टुकड़े को पहले कॉर्नफ्लोर में लपेटें, फिर बेसन के घोल में डुबोएं और सावधानी से गरम तेल में डाल दें। इन्हें सुनहरा भूरा और कुरकुरा होने तक तलें।
पकोड़े तल जाने के बाद उन्हें बाहर निकालें और अतिरिक्त तेल सोखने के लिए टिशू या सोखने वाले कागज पर रखें। सर्विंग प्लेट में सजाएं, ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और लाल मिर्च पाउडर छिड़कें और हरी चटनी के साथ गरमागरम परोसें।
कम समय में बनने वाला यह स्वादिष्ट स्नैक आपकी पार्टी के मेहमानों को जरूर पसंद आएगा।
