हमारे फोन की स्क्रीन पर हर कुछ मिनट में ब्लिंक करता एक नया नोटिफिकेशन आ जाता है। ये नोटिफिकेशन व्हाट्सऐप मैसेज, इंस्टाग्राम रील, ईमेल अलर्ट या किसी शॉपिंग ऐप के ऑफर तक के भी हो सकते हैं। हममें से ज्यादातर लोग इन्हीं नोटिफिकेशन्स के बीच जी रहे हैं। समस्या यह है कि ये नोटिफिकेशन समय खराब करने के साथ ही हमारी एकाग्रता और गहरी सोच की क्षमता को खत्म कर रहे हैं।
मोबाइल नोटिफिकेशन्स के जाल में काफी हद तक फंस चुका है इंसान (Photo: iStock)
मनोवैज्ञानिक मानते हैं कि लगातार आने वाले डिजिटल अलर्ट हमारे दिमाग को हमेशा एक काल्पनिक 'इमरजेंसी मोड' में रखते हैं। इसका असर केवल तनाव या चिड़चिड़ेपन में नहीं, बल्कि हमारी निर्णय लेने की क्षमता के धीमे होने के रूप में दिखाई देता है।
चालाकी से काम करता है अटेंशन चुराने का बाजार
नोटिफिकेशन आखिर इतने आकर्षक क्यों लगते हैं? अमेरिकी मनोवैज्ञानिक बी. एफ. स्किनर की वैरेबल रिवॉर्ड थ्योरी और डॉ. एना लेम्बके के न्यूरोसाइंस को अगर हम आज के संदर्भ में देखें, तो हमें एक कड़वी सच्चाई समझ आएगी: आपका अटेंशन आज के समय की सबसे महंगी कमोडिटी है।
बड़ी टेक कंपनियां अरबों डॉलर खर्च करके ऐसे एल्गोरिदम बनाती हैं जो आपके दिमाग के 'लड़ो या भागो' (Fight or Flight) वाले हिस्से को ट्रिगर कर सकें। जब भी फोन बजता है, दिमाग उसे एक संभावित खतरे या अवसर की तरह देखता है। आप 'डोपामिन' के जिस छोटे से उछाल के आदी हो चुके हैं, वह दरअसल एक सोची-समझी डिजिटल जालसाजी है।
कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी की डॉ. ग्लोरिया मार्क का दावा है कि एक बार ध्यान भटकने के बाद वापस उसी गहराई में जाने में 23 मिनट और 15 सेकंड का समय लगता है। इसका सीधा मतलब यह है कि अगर आप दिन में सिर्फ 10 बार भी गैर-जरूरी नोटिफिकेशन देखते हैं, तो आप अपने कामकाजी दिन का आधा हिस्सा मानसिक रूप से खो चुके हैं।
ब्रेन रीसेट का नया व्यावहारिक फ्रेमवर्क
इंटरनेट पर मिलने वाली सामान्य सलाहें जैसे फोन बंद कर दो या हिमालय चले जाओ जै,सी सलाह आज की व्यावहारिक जिंदगी में काम नहीं करतीं। हमें अपने दिमाग को रीसेट करने के लिए 'डिजिटल मिनिमलिज्म'के व्यावहारिक नियमों को समझना होगा:
1. नोटिफिकेशन की कैटेगरी बदलें (The 3-Tier Filter)
अपने ऐप्स को तीन श्रेणियों में बांटें:
Tier 1 (तत्काल): सिर्फ फोन कॉल्स और परिवार के जरूरी मैसेज (इनके साउंड चालू रखें)।
Tier 2 (सक्रिय): ईमेल और काम से जुड़े ऐप्स (इनके साउंड बंद रखें, सिर्फ ऐप आइकॉन पर बैच दिखे)।
Tier 3 (मूक): सोशल मीडिया, न्यूज़ और शॉपिंग ऐप्स (इनके नोटिफिकेशन पूरी तरह ब्लॉक कर दें)।
2. 'डोपामिन बंपर' तकनीक का इस्तेमाल करें
जैसे सड़क पर गाड़ियों की रफ्तार कम करने के लिए बंपर होते हैं, वैसे ही फोन और आपके बीच एक बाधा खड़ी करें। अपने फोन की स्क्रीन को 'ग्रेस्केल' मोड पर डाल दें। रंग गायब होते ही दिमाग के लिए स्क्रीन का आकर्षण आधा रह जाता है। सोशल मीडिया ऐप्स को होम स्क्रीन से हटाकर किसी फोल्डर के अंदर छिपा दें ताकि उन्हें खोजने के लिए आपको एक्स्ट्रा एफर्ट करना पड़े।
3. 'बोरियत' को री-ब्रांड करें
हम हर उस सेकंड में फोन उठा लेते हैं जब हम अकेले या खाली होते हैं। जोहान हारी अपनी किताब स्टोलेन फोकस (Stolen Focus) में सचेत करते हैं कि जब हम दिमाग को कभी खाली नहीं छोड़ते, तो हम उसकी 'डिफॉल्ट मोड नेटवर्क' को ब्लॉक कर देते हैं। यही वह नेटवर्क है जो रचनात्मक विचार और समस्याओं के समाधान ढूंढता है। थोड़ी सी बोरियत दिमाग के लिए एक हीलिंग थेरेपी की तरह है।
4. 'टाइम-बॉक्सिंग' चुनें
हफ्ते में एक दिन फोन बंद रखने का 'डिटॉक्स' अकसर सोमवार आते ही फेल हो जाता है। इसकी जगह रोज छोटे 'नो-स्क्रीन आइलैंड्स' बनाएं। उदाहरण के तौर पर रात को सोने से 1 घंटे पहले और सुबह उठने के पहले 45 मिनट तक फोन को बेडरूम से बाहर चार्जिंग पर लगाएं।
किसके हाथ में है कंट्रोल?
डिजिटल दुनिया से भागना न तो संभव है और न ही समझदारी। असली चुनौती स्मार्टफोन को छोड़ना नहीं, अपनी स्वायत्तता को वापस पाना है। जब आप यह तय करने लगते हैं कि फोन आपको कब बाधित करेगा, न कि फोन यह तय करे कि आपको कब देखना है, तभी दिमाग को सचमुच रीसेट होने का मौका मिलता है।
