नॉलेज

कब हुई थी 'अंधकार के देवता' की खोज? 11वीं कक्षा की लड़की ने दिया था अनोखा नाम; जानें

Pluto: हमारे सौरमंडल में आखिर ग्रह कितने हैं? अक्सर लोगों को इस बात को लेकर कन्फ्यूजन होता है। हालांकि, 2006 में प्लूटो को लेकर छिड़ी बहस के बाद तय हो गया था कि हमारे सौरमंडल में 9 नहीं, बल्कि 8 ही ग्रह हैं। दरअसल, साल 2006 में अंतरराष्ट्रीय खगोलीय संघ (IAU) ने प्लूटो को ग्रह की श्रेणी से हटाकर बौना ग्रह घोषित कर दिया था।

Image

प्लूटो

Photo : iStock

18 February History: हर दिन कुछ नया करने और कुछ अनोखा खोजने के इच्छुक लोगों की दुनिया में कमी नहीं है। 18 फरवरी 1930 को ऐसे ही एक जिज्ञासु अमेरिकी वैज्ञानिक क्लाइड टॉमबा ने एक बौने ग्रह की खोज की थी। पहले इसे ग्रह मान लिया गया था, लेकिन बाद में इसे ग्रहों के परिवार से बाहर कर दिया गया।

इस ग्रह का नाम रखने के लिए सुझाव मांगे गए तो 11वीं में पढ़ने वाली एक लड़की ने इसे प्लूटो नाम दिया। उसका कहना था कि रोम में अंधेरे के देवता को प्लूटो कहते हैं और इस ग्रह पर भी हमेशा अंधेरा रहता है, इसलिए इसका नाम प्लूटो रखा जाए। प्लूटो को सूर्य का एक चक्कर लगाने में 248 साल लग जाते हैं।

देश दुनिया के इतिहास में 18 फरवरी की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1836 : भारत के महान संत एवं विचारक रामकृष्ण परमहंस उर्फ गदाधर चटर्जी का पश्चिम बंगाल के हुगली में जन्म।

1905 : शामजी कृष्णवर्मा ने लंदन में इंडिया होमरूल सोसायटी की स्थापना की।

1911 : डाक पहुंचाने के लिए पहली बार विमान का इस्तेमाल किया गया। एयर मेल की पहली आधिकारिक उड़ान इलाहाबाद में हुई और इसमें कुल 6500 पत्र नैनी ले जाए गए।

1930 : प्लूटो की खोज आज ही के दिन क्लाइड टॉमबा द्वारा की गई। इसे लंबे वक्त तक हमारे सौरमंडल का नौवां ग्रह माना गया, लेकिन बाद में इससे ग्रह का दर्जा वापस ले लिया गया।

1965 : चीन द्वारा पाकिस्तान को 60 करोड़ डॉलर का ब्याजमुक्त कर्ज देने के समझौते पर दोनो देशों के प्रतिनिधियों ने कराची में दस्तख्त किए।

1979 : सहारा रेगिस्तान में हिमपात की अनूठी घटना हुई। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था।

1998 : सी. सुब्रह्मणयम को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए देश के इस सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया। वह 1964 से 1966 के बीच भारत के कृषि मंत्री रहे। हरित क्रांति में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

2007 : दिल्ली से लाहौर जा रही समझौता एक्सप्रेस में बम विस्फोट से 68 लोगों की मौत।

2008 : पाकिस्तान में बरसों के सैनिक शासन के बाद हुए चुनाव में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की 120 सीट पर जीत। नवाज शरीफ की पार्टी को 90 और निवर्तमान राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की पार्टी को 51 सीटें मिलीं।

2014 : आंध्र प्रदेश का विभाजन करके तेलंगाना के रूप में देश के 29वें राज्य की स्थापना का प्रस्ताव लोकसभा में पारित।

2014 : यूक्रेन की राजधानी कीव में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में कम से कम 76 लोगों की मौत और सैंकड़ों लोग घायल।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें