नॉलेज

11 करोड़ से ज्यादा पीड़ित और लाखों ने गंवाई थी जान; कब वैश्विक महामारी घोषित हुआ यह रहस्यमयी वायरस?

11 March History: वर्ष 2019 के अंतिम महीनों में चीन से उठा कोरोना का बवंडर कुछ ही दिनों में हर तरफ तबाही मचाने लगा। 11 मार्च 2021 को विश्व में 11 करोड़ से ज्यादा लोगों के कोरोना महामारी से पीड़ित होने की खबर आई थी। जनवरी 2020 में डब्ल्यूएचओ ने निमोनिया जैसा संक्रमण फैलने की जानकारी दी थी लेकिन इसके कारण अथवा निदान के बारे में कुछ नहीं बताया गया था।

Image

कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

11 March History: वर्ष 2019 के अंतिम महीनों में चीन से उठा कोरोना का बवंडर कुछ ही दिनों में हर तरफ तबाही मचाने लगा। 11 मार्च 2021 को विश्व में 11 करोड़ से ज्यादा लोगों के कोरोना महामारी से पीड़ित होने की खबर आई थी। इससे ठीक एक वर्ष पहले विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे वैश्विक महामारी घोषित कर दिया था और पूरी मानव जाति के अस्तित्व पर मंडराते इस खतरे से मुकाबले के लिए दुनिया एकजुट हो गई थी।

जनवरी 2020 में डब्ल्यूएचओ ने निमोनिया जैसा संक्रमण फैलने की जानकारी दी थी लेकिन इसके कारण अथवा निदान के बारे में कुछ नहीं बताया गया था। भारत में 31 जनवरी को कोरोना का पहला मामला सामने आया और 31 जनवरी को ही इसे डब्ल्यूएचओ ने स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया।11 मार्च 2022 में चीन ने 90 लाख की आबादी वाले पूर्वोत्तर शहर चांगचुन में कोविड-19 के बेहद संक्रामक स्वरूप ओमीक्रोन के चलते संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के बीच लॉकडाउन लगाने का आदेश दे दिया।

देश दुनिया के इतिहास में 11 मार्च की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:

1689 : मुगल बादशाह औरंगजेब ने मराठा शासक छत्रपति शिवाजी के पुत्र संभाजी को यातनाएं देकर मार डाला।

1948 : देश के प्रथम पोत जल ऊषा का विशाखापत्तनम से जलावतरण। इसे उस समय की तमाम उपलब्ध आधुनिक प्रणालियों से लैस किया गया था।

1985 : कोंस्तान्तिन चेरेंकों की मौत के बाद मिखाइल गोर्बाचेव को सोवियत संघ का सर्वोच्च नेता चुना गया।

1990 : संसद में मतदान के बाद लिथुआनिया ने खुद को सोवियत संघ से स्वतंत्र घोषित किया। ऐसा करने वाला वह पहला सोवियत गणराज्य था।

1996 : ईरान ने ‘सैटेनिक वर्सेज’ किताब के लेखक सलमान रुश्दी के ख़िलाफ़ जारी किया गया फतवा वापस ले लिया।

2004 : स्पेन में तीन रेलवे स्टेशनों पर हुए बम विस्फोटों में 190 लोगों की मौत, 1200 अन्य घायल।

2008 : अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अपने यान एंडेवर को अपने अंतरिक्ष स्टेशन की ओर रवाना किया।

2011 : भारत ने 350 किलोमीटर दूर तक का निशाना साधने वाले प्रक्षेपास्त्र ‘धनुष’ और ‘पृथ्वी’ का सफल परीक्षण किया।

2011 : जापान में प्रशांत तट पर तोहोकू के पास समुद्र में रिक्टर पैमाने पर 9 तीव्रता के भीषण भूकंप के बाद सुनामी ने भयंकर तबाही बचाई और 15 हजार से ज्यादा लोगों की मौत के साथ भारी नुकसान हुआ। यह जापान के इतिहास का अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप था।

2022 : ब्रिटेन की सरकार ने रूसी संसद के निचले सदन ड्यूमा के 386 सदस्यों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। ड्यूमा के इन सभी सदस्यों ने रूस द्वारा यूक्रेन के लुहांस्क और दोनेत्स्क प्रांतों को स्वतंत्र गणराज्य के रूप में मान्यता देने में अहम भूमिका निभाई थी।

2023 : अफगानिस्तान के मजार-ए-शरीफ शहर में पत्रकारों के पुरस्कार समारोह में विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत, आठ घायल।

2024 : नाटो मुख्यालय पर लगाया गया स्वीडन का ध्वज। स्वीडन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की दशकों चली तटस्थता खत्म करके, पांच मार्च 2024 को नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) का 32वां सदस्य बना।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article