NASA Image: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने धूल और गैस के मिश्रण की जटिल संरचना वाले एक नेबुला (Nebula) की दुर्लभ तस्वीर साझा की है। दरअसल, यह जटिल संरचना पृथ्वी से हजारों प्रकाश वर्ष दूर लॉर्ड मैगेलैनिक बादलों में स्थित है।
नेबुला क्या है? (फोटो साभार: NASAHubble)
क्या है नेबुला?
जब कभी ब्रह्मांड के बारे में चर्चा होती है तो नेबुला या निहारिका जैसे शब्द अक्सर सुनाई देते हैं, लेकिन असल में यह क्या है? दरअसल, नेबुला अंतरिक्ष में धूल और गैस के बड़े बादल हैं। 16वीं शताब्दी में ब्रिटिश खगोलविद विलियम हेर्शल ने नेबुला शब्द की खोज की थी।
माना जाता है कि ब्रह्मांड की उत्पत्ति के समय जब विस्फोट हुआ होगा तब नेबुला बने होंगे। हालांकि, कुछ नेबुला सुपरनोवा से बनते हैं। यानी तारे का जीवनकाल जब समाप्त होता है और उसमें विस्फोट होता है तो उसी से निकलने वाली धूल और गैस से नेबुला बनते हैं। एक तारे का खत्म होना और नए तारे का जन्म लेना यह ब्रह्मांड की सतत प्रक्रिया है और यह हमेशा चलती है। ब्रह्मांड में कुछ ऐसे नेबुला क्षेत्र हैं जहां पर नए तारे जन्म लेते हैं।
N44 नेबुला की दुर्लभ तस्वीर जारी
नासा ने N44 नामक एक जटिल नेबुला की तस्वीर जारी है। N44 नेबुला पृथ्वी से लगभग 1,70,000 प्रकाश वर्ष दूर बड़े मैगेलैनिक बादल में स्थित है। यह नेबुला चमकती हुई हाइड्रोजन गैस, धूल की काली पट्टियों और अलग-अलग उम्र के अनगिनत तारों से पटा हुआ है। हालांकि, इस नेबुला के शीर्ष पर एक गहरा तारों वाला 'सुपरबबल' दिखाई दे रहा है।
काफी दूर तक फैला है सुपरबबल
खगोलविदों के लिए N44 नेबुला का यह सुपरबबल एक रहस्य की तरह है, जिसकी चौड़ाई लगभग 250 प्रकाश वर्ष तक है। माना जाता है कि यह सुपरबबल इसके मध्य में मौजूद तारकीय हवाओं या पुराने सुपरनोवा के विस्तार से बना हो सकता है।
अनगिनत तारों वाला नेबुला
N44 नेबुला विभिन्न रंगों और आकारों के असंख्य तारों से पटा हुआ है। सुदूर अंतरिक्ष में धूल और गैस अधिक और कम घनत्व वाले क्षेत्रों में दिखाई दे रही है। हालांकि, नासा के हबल स्पेस टेलीस्कोप से कैप्चर किए गए N44 नेबुला के शीर्ष वाला एक अंडाकार आकार का क्षेत्र लगभग धूल और गैस से मुक्त है, जिसके भीतर चमकते हुए तारे दिखाई दे रहे हैं।
