नॉलेज

ब्रिटिश या अमेरिकी...माउंटबेटन को आखिर किस खुफिया एजेंसी ने मरवाया? जहाज में कुछ यूं हुई थी मौत

Lord Mountbatten: भारत के अंतिम वायसराय लॉर्ड लुईस माउंटबेटन कई ऐतिहासिक घटनाओं के गवाह रहे हैं। हालांकि, उनकी मौत किसी रहस्य से कम नहीं है। अपने करियर में लंबे समय तक पानी में तैरते जहाजों के बीच रहने वाले माउंटबेटन की मौत भी जहाज में ही हुई थी और इसको लेकर कई थ्योरी सामने आ चुकी हैं।

Image

लॉर्ड माउंटबेटन (फाइल फोटो)

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • आज तक नहीं सुलझा माउंटबेटन की मौत का रहस्य।
  • कई ऐतिहासिक घटनाओं के रहे थे गवाह।
  • भारत और पाकिस्तान के बंटवारे के पीछे माना जाता है अहम।

Lord Mountbatten: एक नौसैनिक जिसने अपने करियर का लंबा वक्त पानी के बीच तैरते जहाजों पर गुजारा। संयोग देखिए कि जब उसने दुनिया को अलविदा कहा तब भी वो पानी के बीच था। नाम है लॉर्ड लुईस माउंटबेटन। भारत के अंतिम वायसराय, जो 20 सदी में हुए कई बड़े बदलावों और घटनाओं के अहम गवाह ही नहीं कारण भी थे।

मौत की क्या थी वजह?

लॉर्ड माउंटबेटन को भारत और पाकिस्तान के बंटवारे के पीछे की अहम वजह माना जाता है। जिस शख्स ने दो देशों के बीच लकीर खींची उसकी मौत भी सवालिया निशान के साथ खत्म हुई। मौत की वजह क्लियर नहीं हुई। अहम बात ये कि माउंटबेटन की हत्या के पीछे किसी भारतीय या फिर पाकिस्तानी का हाथ नहीं था, बल्कि आयरिश रिपब्लिकन आर्मी के उग्रवादियों ने 27 अगस्त, 1979 को माउंटबेटन को मौत की नींद सुला दिया। भारत ने सम्मान में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया था।

क्या था माउंटबेटन का पूरा नाम?

25 जून, 1900 में इंग्लैंड के विंडसर में लुईस फ्रांसिस अल्बर्ट विक्टर निकोलस का जन्म हुआ था। जिसे आज पूरी दुनिया लॉर्ड माउंटबेटन के नाम से जानती है। वह नौसेना के एक उच्च अधिकारी होने के साथ-साथ ब्रिटिश राजघराने से ताल्लकु रखते थे। शुरुआती पढ़ाई- लिखाई घर पर हुई थी। साल 1914 में वो डार्टमाउथ के रॉयल नेवल कॉलेज पहुंचे। 1916 में वो ब्रिटेन की रॉयल नेवी में शामिल हुए और पहले विश्व युद्ध के दौरान उनकी तैनाती समुद्र में हुई।

माउंटबेटन कब बने थे वायसराज?

साल 1947 में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री क्लेमेंट एटली ने माउंटबेटन को भारत के अंतिम वायसराय के तौर पर काम करने के लिए राजी कर लिया था। एटली भारत से ब्रिटेन की वापसी की देखरेख लॉर्ड माउंटबेटन को सौंपना चाहते थे। मार्च 1947 को उन्हें भारत के वायसराय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

माउंटबेटन ने भारत की आजादी की तारीख भी घोषित की। उन्होंने उस वक्त एक आजाद भारत के निर्माण की उम्मीद की थी, लेकिन 15 अगस्त, 1947 को भारत और पाकिस्तान के तौर पर ब्रिटिश भारत का विभाजन कर दिया गया। आजादी के भारत के नेताओं ने माउंटबेटन को भारत का अंतरिम गर्वनर जनरल बनाया था। जवाहर लाल नेहरू और राजेंद्र प्रसाद माउंटबेटन को औपचारिक रूप से भारत के पहले गर्वनर जनरल बनने का न्योता देने खुद आए थे। जिसे लार्ड माउंटबेटन ने स्वीकार कर लिया था। उन्होंने साल 1948 तक इस जिम्मेदारी को संभाला। उनके बाद ये जिम्मेदारी सी राजगोपालाचारी ने संभाली थी।

जब मौत की नींद में सो गए माउंटबेटन

साल 1953 में माउंटबेटन नौसेना में वापस आ गए, 1954 में उन्हें नौसेना में फर्स्ट सी लॉर्ड के तौर पर नियुक्त किया गया। 27 अगस्त 1979 सोमवार का दिन था माउंटबेटन उस दिन उत्तरी पश्चिम आयरलैंड के एक बंदरगाह में परिवार समेत बोट पर सवार होकर निकले थे। उनकी नाव निकली ही थी सुबह करीब 11.30 बजे नाव में जोरदार धमाका हुआ। जिसमें उनके साथ परिवार के कई सदस्यों की भी मौत हो गई। बाद में जांच की तो पता चला कि उनकी हत्या में आयरिश रिपब्लिकन आर्मी (आईआरए) का हाथ था।

माउंटबेटन की हत्या को लेकर कई थ्योरी भी सामने आई थी। एक लेख में बताया गया था कि उनको ब्रिटिश इंटेलिजेंस ने मरवाया था। जिसको लेकर काफी बवाल भी हुआ। इसके अलावा एक मत यह भी है कि लॉर्ड माउंटबेटन की हत्या के पीछे अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए का हाथ था।

(इनपुट: आईएएनएस)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें