नॉलेज

मानव शरीर में बढ़ रही प्लास्टिक के सूक्ष्म कणों की संख्या! दिमाग को हिला देगी नई स्टडी

Microplastics: मानव शरीर में प्लास्टिक के सूक्ष्म कणों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और नई स्टडी में कई ऐसे चौंका देने वाले खुलासे किए गए हैं जिसे जानने के बाद आप अपना सिर पकड़ लेंगे। स्टडी के मुताबिक, सांस के जरिये मस्तिष्क में प्लास्टिक के सूक्ष्म कण प्रवेश कर सकते हैं।

Image

प्लास्टिक के सूक्ष्म कण

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • नदियों और समुद्र में पहुंच रहे प्लास्टिक के सूक्ष्म कण।
  • पर्यावरण में लगातार फैल रहे सूक्ष्म एवं 'नैनो' कण।
  • मानव मस्तिष्क में प्लास्टिक के सूक्ष्म कण पाए गए।

Microplastics: मिट्टी, पानी, हवा हर जगह पर प्लास्टिक के सूक्ष्म कण मौजूद हैं। ये कण हमारे द्वारा फेंके गए प्लास्टिक से 'लैंडफिल साइट', नदियों और समुद्रों में पहुंचे हैं। वहां प्लास्टिक कचरा धीरे-धीरे विघटित होता है और इसके सूक्ष्म एवं 'नैनो' कण पर्यावरण में फैलते हैं।

शरीर में कैसे दाखिल हो रहे प्लास्टिक के सूक्ष्म कण?

मानव शरीर में भी प्लास्टिक के सूक्ष्म कणों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हमें नहीं पता कि वे वहां कैसे पहुंचे। हालांकि, इसके तीन संभावित रास्ते हैं। हम खाने-पीने के दौरान प्लास्टिक के सूक्ष्म कणों को अपने अंदर ले सकते हैं, या ये सांस के जरिए हमारे फेफड़ों में जा सकते हैं या अपनी त्वचा के जरिए उसे सोख सकते हैं। हाल में एक अन्य मार्ग का सुझाव दिया गया है जिसके तहत प्लास्टिक के सूक्ष्म कण हमारी नाक में प्रवेश करते हैं और वहां से हमारे मस्तिष्क में प्रवेश करते हैं।

लंबे समय तक यह माना जाता रहा कि मानव मस्तिष्क शरीर के बाकी हिस्सों से अलग-थलग रहता है। कोशिकाओं की एक विशेष परत, मस्तिष्क को सभी प्रकार के रोगाणुओं और हानिकारक पदार्थों से बचाती है। हालांकि, अब हम जानते हैं कि रक्त-मस्तिष्क अवरोध को तोड़ा जा सकता है, क्योंकि मानव मस्तिष्क में प्लास्टिक के सूक्ष्म कण पाए गए हैं।

मस्तिष्क में कैसे दाखिल होते हैं सूक्ष्म कण?

नए शोध से पता चला है कि रक्त-मस्तिष्क अवरोध में कम से कम एक संवेदनशील स्थान है, जहां से प्लास्टिक के सूक्ष्म कण मस्तिष्क में प्रवेश कर सकते है। इस संभावित प्रवेश बिंदु का सुझाव फ्रेई यूनिवर्सिटेट बर्लिन और साओ पाओलो विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने दिया था। यह नाक में होता है, जहां विशेष तंत्रिकाएं होती हैं, जो गंध का पता लगाती हैं। शोधकर्ताओं का सुझाव है कि नाक से सांस के जरिए अंदर गए सूक्ष्म कण किसी तरह घ्राण तंत्रिकाओं के जरिए मस्तिष्क तक पहुंच सकते हैं।

शोधकर्ताओं ने साओ पाओलो के उन निवासियों के ऊतक के नमूनों का विश्लेषण करके अपने निष्कर्ष निकाले, जिनकी मौत हो चुकी थी और जिनका नियमित कोरोनर शव परीक्षण किया गया था। उन्होंने इन मस्तिष्कों से घ्राण बल्बों को निकाला और विभिन्न तकनीकों का उपयोग करके उनका विश्लेषण किया।

अध्ययन किये गये 15 में से आठ मस्तिष्कों के घ्राण बल्बों में प्लास्टिक के सूक्ष्म कण पाए गए। हालांकि, इन आठ नमूनों में कुल मिलाकर केवल प्लास्टिक के 16 सूक्ष्म कण थे, जो शायद कुछ राहत देने वाली बात है। उन 16 प्लास्टिक कणों में टुकड़े, गोले और रेशे शामिल थे और ये पॉलीप्रोपिलीन, नायलॉन और अन्य प्लास्टिक से बने थे। इनमें से कुछ रेशे कपड़ों से आए हो सकते हैं।

क्या मानव शरीर में नैनो प्लास्टिक की हुई खोज?

यह नया अध्ययन उन कई अध्ययनों में से एक है, जिसमें मानव शरीर में छोटे प्लास्टिक कणों की मौजूदगी की बात कही गई है। इनमें से ज्यादातर अध्ययन प्लास्टिक के कणों के बारे में हैं, जो पांच मिलीमीटर तक के आकार के कण होते हैं। बहुत कम अध्ययनों में मानव शरीर में 'नैनो' प्लास्टिक की खोज की गई है।

'नैनो' प्लास्टिक का आकार एक मिलीमीटर के 1000वें हिस्से से भी छोटा होता है, इतना छोटा कि विशेष उपकरणों के बिना उन्हें पहचानना कठिन होता है तथा बहुत कम वैज्ञानिकों के पास ही इन उपकरणों तक आसान पहुंच होती है।

ऐसा इसलिए है क्योंकि 'नैनो' प्लास्टिक इतने छोटे होते हैं कि वे कोशिकाओं के अंदर जा सकते हैं। एक बार अंदर जाने के बाद, वे कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं। हमें मानव शरीर में प्लास्टिक के सूक्ष्म कणों विशेष रूप से 'नैनो' प्लास्टिक की मौजूदगी के बारे में और अधिक जानने की आवश्यकता है।

(माइकल रिचर्डसन और मीरू वांग, लीडेन विश्वविद्यालय)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें